अदालत के आदेश की अवहेलना पर दंपती के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
कैराना (शामली)। एटीएम कार्ड चोरी कर धोखाधड़ी से रुपये निकालने के आरोपी पति-पत्नी के अदालत में हाजिर नहीं होने पर पुलिस ने उनके विरुद्ध अदालत के आदेश की अवहेलना के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि 2019 में कैराना में पीएसी की कंपनी ठहरी हुई थी। इस दौरान पीएसी के जवान ने अपने साथी का एटीएम कार्ड चोरी करके नकदी निकाल ली थी। पीड़ित द्वारा मुकदमा दर्ज कराने के उपरांत पीएसी का जवान जेल गया था तथा नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था। इस घटना में पीएसी के जवान का भाई जाकिर उर्फ गब्बर, सागर और उसकी पत्नी शिखा, निवासी गांव चांदन हेड़ी थाना छपरौली जिला बागपत भी आरोपी थे। अदालत में हाजिर नहीं होने पर 13 जून 2021 को आरोपियों के घर पर धारा-82 के तहत कुर्की कार्रवाई के नोटिस चस्पा कर दिए गए थे। अदालत के आदेश की अवहेलना करने पर दोनों के विरुद्ध धारा 174ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अदालत में हाजिर नहीं होने पर जल्द ही अदालत से आदेश प्राप्त करते आरोपियों के घरों की कुर्की की जाएगी।