सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त दरोगा समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
शामली। रेलवे स्टेशन परिसर में कुत्ता घुमाने को लेकर हुई मारपीट के मामले में सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त दरोगा समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शहर के मोहल्ला सलेक विहार निवासी हर्ष धीमान की तरफ से जीआरपी थाने पर दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह रेलवे स्टेशन परिसर पर अपने कुत्ते को घुमाने ले गया था। वहां पर रेलपार निवासी एक युवक भी कुत्ता घुमाने आया था। उसके कुत्ते के गले में पट्टा नहीं बंधा था। उसका कुत्ता उनके कुत्ते की तरफ भौंकने लगा तो उसने पत्थर का टुकड़ा उस कुत्ते की तरफ उछाल दिया। इस मामले में उस युवक से उसकी कहासुनी हो गई, जिस पर उसने अपने परिजनों को बुला लिया और उसके साथ मारपीट कर दी। शोर सुनकर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को आरोपियों से छुड़ाया। जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर सेवानिवृत्त दरोगा समेत चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।