शामली। शहर के मोहल्ला तालाब रोड निवासी दो युवकों का अपहरण कर मोहल्ला दयानंद नगर में ले जाकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात संविदा स्टाफ नर्स ममता व उसके पुत्र समेत तीन नामजद और अज्ञात 20-30 युवकों के खिलाफ जानलेवा हमला और एससी एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उधर, वाल्मीकि समाज के लोगों ने शहर कोतवाली पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
शहर के मोहल्ला तालाब रोड वाल्मीकि बस्ती निवासी निहाल व उसका साथी काशी शनिवार रात को वीवी इंटर कॉलेज मार्ग पर नाले के पुल के पास मोमोज खाने गए थे। आरोप है कि उसी समय कुछ युवक हाथों में सरिया, रॉड, पलकटी व तमंचे लेकर आए और दोनों युवकों को उठाकर मोहल्ला दयानंद नगर ले गए। आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर घायल कर दिया और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।
इस मामले घायल निहाल के पिता प्रेम ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि दस दिन पूर्व हुए विवाद के कारण यह मारपीट की गई गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जानलेवा हमला करने व एससी एसटी एक्ट के तहत ममता, उसके पुत्र देवराज, अंकुर और अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर, रविवार को वाल्मीकि समाज के लोग इकट्ठे होकर शहर कोतवाली पहुंचे और पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस के कार्रवाई का आश्वासन देने पर लोग वापस चले गए।