- पीड़ित ने आदर्श मंडी थाने पर दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के कस्बा बनत निवासी युवक पर धारदार हथियार से किए गए हमले में आंख खराब होने की रिपोर्ट लगभग आठ माह बाद पुलिस ने दर्ज की है।
बनत निवासी हंस कुमार ने आदर्श मंडी थाने पर दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह इंडस्ट्रीयल एरिया कंडेला स्थित एक फैक्टरी में नौकरी करता था। पिछले साल 10 जुलाई 2022 की रात करीब साढ़े 11 बजे वह फैक्टरी में काम करने के बाद अपने साथी टिंकूपाल निवासी गांव कैड़ी की बाइक पर पीछे बैठकर अपने घर जा रहा था। जब वे बनत के निकट पहुंचे तो अज्ञात व्यक्ति ने बाइक रुकवाने के लिए उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। हमले में उसकी दाहिनी आंख पर चोट लगने से वह गंभीर घायल हो गया था। परिजन रात को ही शामली के निजी अस्पताल ले गए, जहां से अगले दिन उसे नई दिल्ली रेफर कर दिया था। उपचार के बाद वह घर पहुंचा था, लेकिन हमले में उसकी एक आंख पूरी तरह खत्म हो गई।
पीड़ित का कहना है कि उसके पिता ने उसी समय 15 जुलाई को थाना आदर्श मंडी पर रिपोर्ट दर्ज कराने को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। इसके बाद छह जनवरी 2023 को अज्ञात में जनसुनवाई पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराने को ऑनलाइन आवेदन किया था। अब आठ माह बाद पीड़ित की तरफ से अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज हुई है। आदर्श मंडी थानाध्यक्ष का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।