शामली। बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित कक्षा एक से आठ तक के विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाफल मौखिक घोषित कर विद्यार्थियों को कक्षोन्नति दे दी गई, लेकिन रिपोर्ट कार्ड का वितरण नहीं हो सका। इसकी वजह ये है कि विद्यालयों में रिपोर्ट कार्ड हीं नहीं पहुंच पाए। शुक्रवार से विद्यालयों में नया शैक्षिक सत्र 2022-23 शुरू होगा, जिसकी तैयारी कर ली गई है।
शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार 31 मार्च को वार्षिक परीक्षाफल घोषित करने के साथ ही रिपोर्ट कार्ड का वितरण किया जाना था। शासन स्तर से खंड शिक्षा अधिकारियों को रिपोर्ट कार्ड का मुद्रण कराकर विद्यालयों को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। बृहस्पतिवार को सत्र 2021-22 का वार्षिक रिपोर्ट कार्ड का वितरण किया जाना था, लेकिन विद्यालयों में रिपोर्ट कार्ड न पहुंचने के कारण वितरण नहीं हो सका। विद्यालयों में सभी छात्र-छात्राओं केेे कक्षोन्नति देकर मौखिक तौर पर रिजल्ट घोषित करते हुए शुक्रवार से नए शैक्षिक सत्र शुरू करने की तैयारी की गई।
प्राथमिक विद्यालय लांक नंबर एक की प्रधानाध्यापिका सुवासिनी ने बताया कि विद्यालय में 185 बच्चे पंजीकृत है। रिपोर्ट कार्ड अभी नहीं मिले हैं, लेकिन उन्होंने सभी बच्चों को उनके अंक बताकर कक्षोन्नति दे दी गई है। शुक्रवार से नया शैक्षिक सत्र शुरू किया जाएगा। उच्च प्राथमिक विद्यालय लिलौन की प्रभारी प्रधानाध्यापिका उपमा शर्मा ने बताया कि वार्षिक परीक्षाफल का गजट तैयार है। बच्चों को उनके अंक बताकर अगली कक्षा में प्रोन्नति दे दी गई है। रिपोर्ट कार्ड मिलते ही बच्चों को वितरण कर दिया जाएगा। प्राथमिक विद्यालय नंबर 13 रेलपार की प्रधानाध्यापिका रेणुका शर्मा ने बताया विद्यालय में 145 बच्चे पंजीकृत है। सभी को मौखिक तौर पर परीक्षा के अंक बताकर कक्षोन्नति दी गई। रिपोर्ट कार्ड अभी नहीं मिले हैं। प्राथमिक विद्यालय नंबर एक खेड़ीकरमू की प्रधानाध्यापिका सुमन ने बताया विद्यालय में सभी 169 बच्चों को कक्षोन्नति दी गई। उन्हें वार्षिक परीक्षा के अंक बता दिए हैं। शुक्रवार से नए शैक्षिक सत्र शुरू करने की तैयारी कर ली गई है।
वर्जन.......
बजट देर से मिलने के कारण रिपोर्ट कार्ड का मुद्रण समय पर नहीं हो सका। उप्र बेसिक शिक्षा परिषद की तरफ से निर्देशित किया गया है कि जहां पर रिपोर्ट कार्ड वितरण में कोई समस्या रही है, वहां पर अगले तीन दिन में रिपोर्ट कार्ड वितरण किए जाएं। जल्द ही सभी विद्यालयों में रिपोर्ट कार्ड वितरित किए जाएंगे। - राहुल मिश्रा, बीएसए।