शामली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा 24 मार्च से शुरू हो रही हैं। परीक्षा का समय नजदीक आने के कारण विद्यार्थी तैयारियों में जुटे हुए हैं। कम समय में परीक्षा की अच्छी तैयारी और बेहतर अंक कैसे प्राप्त किए जा सकते हैं। इस बारे में जनता इंटर कालेज लिसाढ़ में गणित विषय के शिक्षक उमेश कुमार से बात की गई। बताया कि गणित में बेहतर अंक पाने के लिए महत्वपूर्ण सूत्रों को समझकर याद करें।
उनका कहना है कि गणित विषय को लेकर विद्यार्थियों को किसी भी तरह से घबराना नहीं चाहिए। यह ऐसा विषय है, जिसमें विद्यार्थी अच्छी तैैयारी कर शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा नियमित रूप से लिखकर और गणनाओं को करके अभ्यास करना करते रहना चाहिए। लगातार अभ्यास करने से परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं।
शिक्षक उमेश कुमार ने कहा कि परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों को किसी भी तरह से तनाव नहीं लेना चाहिए। सिर्फ तैयारी पर फोकस रखना चाहिए। जितनी अच्छी तैयारी होगी, उतने ही अच्छे अंक मिलेंगे। गणित में बेहतर अंक पाने के लिए महत्वपूर्ण सूत्रों को समझकर याद करें। पिछले सालों के प्रश्नपत्रों को हल करके अपना मूल्यांकन करते रहें। बोर्ड परीक्षा में 15 मिनट का समय प्रश्नपत्र को पढ़ने के लिए दिया जाता है। इसलिए उसका लाभ उठाते हुए यह देखें कि जिन प्रश्नों को हम बहुत अच्छे से कर सकते हैं, उन प्रश्नों को शुरू में हल कर ताकि समय का अच्छे से प्रबंधन करके नियत समय में सभी प्रश्नों को हल किया जा सके। साथ ही जिन प्रश्नों में चित्रों की आवश्यकता है, उन्हें जरूर बनाएं। इसके साथ ही महत्वपूर्ण बात है स्टेप मार्किंग, जिसका लाभ लेने के लिए प्रश्न को चरणबद्ध तरीके से हल करें ताकि प्रत्येक चरण को पूरा करने के लिए नियत अंक हासिल किए जा सकते हैं।
-------
अच्छे अंक पाने के लिए महत्वपूर्ण बिंदू
- गणित के महत्वपूर्ण सूत्रों को समझकर याद करें।
- पिछले सालों के प्रश्नपत्रों को हल कर अपना मूल्यांकन करें।
- परीक्षा में प्रश्नपत्र को ध्यान से पढ़ें और समझें।
- प्रश्नों को हल करने के साथ आवश्यकतानुसार चित्र बनाएं।
- तनावमुक्त होकर बिना किसी घबराहट के परीक्षा दें।