शामली। यूजी कोर्सों में खाली सीटें रहने पर विश्वविद्यालय ने नए छात्र-छात्राओं को पंजीकरण कराने का एक मौका दिया है। पंजीकरण 31 अगस्त तक करा सकते हैं। दाखिले एक से चार सितंबर तक चलेंगे। वहीं पुराने पंजीकरण वाले छात्र-छात्राओं के दाखिले अंतिम ओपन मेरिट से 25 अगस्त को होंगे।
शहर के वीवी पीजी काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. सुधीर कुमार ने बताया कि जिन छात्र-छात्राओं को यूजी कोर्सों में दाखिला लेना है और पूर्व में पंजीकरण कराने से किसी कारण वंचित रह गए हैं तो वह 21 से 31 अगतस्त तक पंजीकरण करा सकते हैं। इसके बाद विश्वविद्यालय द्वारा वेबसाइट पर एक सितंबर को ऑफर लेटर जारी करते हुए चार सितंबर तक दाखिला प्रक्रिया जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि पूर्व में पंजीकरण करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए अंतिम ओपन मेरिट से दाखिले होंगे। वंचित छात्र-छात्राएं 23 अगस्त तक कॉलेज में तीन बजे तक ऑफर लेटर जमा करा सकते हैं। इसके बाद 25 अगस्त को खाली सीटाें पर दाखिला ले सकते हैं। ऑफर लेटर जमा करने वाले सभी छात्र-छात्राएं अपने सभी प्रमाणपत्रों के साथ कॉलेज में पहुंचकर दाखिला ले सकते हैं।
राजकीय पीजी कॉलेजों में अभी भी बीएससी बायो और गणित में काफी संख्या में सीटें खाली है। इसमें कांधला के राजकीय पीजी कॉलेज में गणित में अभी तक 120 में से केवल छह ही दाखिले हुए हैं। वहीं बायो में 120 में से केवल 46 दाखिले हुए हैं। बीए में भी 400 सीटों में से केवल 245 ही दाखिले हुए हैं। शहर के वीवी पीजी में बीकॉम में अभी भी आधे ज्यादा सीटें खाली हैं। बीए में लगभग सीटें भरने की पूरी उम्मीद है।