शामली। शहर व गांवों की तंग गलियों से राशन की दुकानों को अब बाहर सड़क पर लाया जाएगा। विभाग को सभी दुकानों को बाहर लाने के आदेश दिए गए है। जनपद में 432 राशन की दुकानों से राशन का वितरण होता है। जिले में करीब 100 दुकानें ऐसी होंगी, जो तंग गलियों में है।
जनपद में 432 राशन की दुकानाें से दो लाख से अधिक कार्ड धारकों को हर माह राशन मिलता है। इनमें काफी ऐसी दुकानें है जो छोटी व तंग गलियों में है। ऐसे में आपूर्ति विभाग को दुकानों पर राशन पहुंचाने में दिक्कत होती है। ट्रक से गेहूं व चावल पहुंचाया जाता है। गली छोटी होने के कारण वहां राशन पहुंचने में दिक्कत होती है। रिक्शा से राशन पहुंचाया जाता है। इसमें समय अधिक लगता है और रिक्शा चालक को किराया देना पड़ता है। अब शासन ने ऐसी सभी दुकानों को बाहर सड़क या ऐसे स्थान पर खोलने के आदेश दिए है जहां ट्रक आसानी से पहुंच सकें। या फिर दुकान सड़क से 200 से 300 मीटर के दायरे में होनी चाहिए। जिससे वहां आसानी से राशन पहुंचाया जा सकें। पूरे जनपद में करीब सौ से अधिक दुकानें ऐसी होंगी जहां राशन पहुंचने में दिक्कत होती है। अब विभाग के सर्वे करने के बाद ही पता चल सकेगा कि कितनी दुकानों को तंग गलियों से बाहर लाया जाएगा।
-
बोले कार्ड धारक
विनोद गोयल का कहना है कि राशन की दुकानें गलियों से सड़क किनारे आने पर कार्डधारकों को काफी राहत मिलेगी। ऐसी दुकानों से उन्हें राशन लेने में दिक्कत होती है। गली में वाहनों का आवागमन अधिक होने के चलते उन्हें बार-बार लाइन से हटना पड़ता है।
पीयूष ने बताया कि राशन की दुकानें गलियों में नहीं होनी चाहिए। यदि सड़क किनारे दुकान आ जाएंगी तो राशन आराम से मिल जाएगा। उन्हें कोई दिक्कत नहीं होगी। यह आदेश तो पहले ही आ जाना चाहिए था।
शामली के मोहल्ला बूढ़ा बाबू के राशन डीलर इस्लाम का कहना है कि दुकान सड़क पर आ जाने से उन पर भार कम होगा। क्योंकि उनकी दुकान तक ट्रक नहीं आता है, जिससे राशन लाने में दिक्कत होती है और रिक्शा आदि का किराया देना पड़ता है। विभाग के आदेश आएंगे तो वह अपनी दुकान को सड़क किनारे ले जाएंगे। इससे उनको राशन लाने का किराया नहीं देना पड़ेगा।
जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सोनी ने बताया कि तंग व छोटी गलियों से राशन की दुकानों को बाहर लाया जाएगा। इससे राशन पहुंचाने में किसी भी तरह की दिक्कत न उठानी पड़ेगी। शासन के आदेश पर कार्रवाई शुरू कर दी गई और आपूर्ति निरीक्षकों को आदेश जारी किए गए है।
-