रजबहे की पटरी खस्ता हाल, लोग परेशान
गढ़ीपुख्ता। गांव दुल्लाखेड़ी से यूनुसपुर तक की रजबहे की पटरी लंबे अरसे से खस्ता हालत में है। इसकी वजह से कई गांव के लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बाद भी पटरी का निर्माण नहीं हुआ। लोगों ने जल्द निर्माण की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया रजबहे की पटरी में जगह-जगह 2 से 3 फुट तक गहरे गड्ढे बने हुए हैं। जिसके चलते वाहनों का इस रास्ते से गुजरना दुश्वार हो गया है। उन्होंने बताया यह रास्ता लगभग तीन किलोमीटर तक खस्ता हालत में है। अब गन्ना ढुलाई का कार्य चल रहा है। जिस पर ट्रैक्टर-ट्रॉली, बुग्गी के पलटने का डर रहता है। वहीं कार, बाइक व अन्य वाहन चालकों को भी आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। ग्रामीणों ने बताया यह सड़क लगभग 10 साल पहले बनी थी। बारिश में पूरी सड़क पर जगह-जगह पानी भरा रहता है।
ग्रामीणों ने बताया इस रास्ते को लेकर जनप्रतिनिधि से कई बार बनवाने की मांग की है। जनप्रतिनिधि आश्वासन देते हैं, लेकिन अभी भी यह रास्ता खस्ता हालत में है। इस रास्ते से दुल्ला खेड़ी, भाट्टू, बुंटा, गुराना, यूनुसपुर, खेड़ा गदाई, कैल शिकारपुर आदि गांव के लोग गुजरते हैं। सुरेंद्र, विनोद, अंकित, सोनू, अंशुल कुमार, वसीम, अनीश, मुस्तफा ठेकेदार, गौतम, राव साबिर, मुरसलीन, आरिफ राणा, भूपेंद्र राणा, सुमित, नंदू राणा, सूर्य प्रताप, जितेंद्र राणा, धर्मेंद्र कुमार, डॉ. प्रमोद कुमार आदि ने रास्ते के जल्द निर्माण की मांग की है।