शामली में तेज हवा चलने से गिरी गेहूं की फसल।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में तेज हवा के साथ सोमवार को हुई झमाझम बारिश कई परेशानियां लेकर आई। विद्युत लाइनों में फाल्ट आने से कई क्षेत्रों की आपूर्ति बाधित रही, तो तेज हवा के कारण गेहूं की फसल बिछ गई। वहीं, शहर के कई मोहल्लों में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम वैधशाला के अनुसार जिले में 7.5 एमएम बारिश हुई।
रविवार की आधी रात के बाद बादलों की गर्जना और बिजली चमकने के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। सोमवार की सुबह करीब नौ बजे तक झमाझम बरसात हुई। शहर के नेहरू मार्केट, कबाड़ी बाजार, मोहल्ला कलंदर शाह, ब्लाक रोड, मोहल्ला पंसारियान, रामसागर में जल भराव से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नौ किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही तेज हवा के कारण खेतों में खड़ी गेहूं की फसल बिछ गई। पूरे दिन आकाश में बादल छाए रहे। शाम चार बजे सूर्य थोड़ी देर के लिए निकला। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं, तेज हवा और बरसात के कारण विद्युत लाइनों में फाल्ट हुए, जिस कारण कई क्षेत्रों की आपूर्ति भी लड़खड़ा गई। अधीक्षण अभियंता सुनील कपूर ने बताया कि हवा से शामली की बुढ़ाना रोड, सिक्का जाने वाली विद्युत लाइन और थानाभवन क्षेत्र में ब्रेक डाउन हुए है। कर्मचारियों को लगाकर विद्युत लाइनों के फाल्ट दूर कराए गए हैं। पूर्वी यमुना नहर खंड के जिलेदार अंबुज कुमार ने बताया कि सुबह नौ बजे तक 7.5 एमएम बारिश रिकार्ड की गई हैं। उपनिदेशक कृषि रामवीर कटारा ने बताया कि हवाओं से गेहूं की फसल गिरने से किसानों को नुकसान है। यदि ओलावृष्टि हुई तो गेहूं की फसल को 30 प्रतिशत तक नुकसान हो सकता है।
मंगलवार को भी मौसम रहेगा खराब, ओलावृष्टि की संभावना
बघरा कृषि विज्ञान केंद्र के निदेशक डाक्टर पीके सिंह ने बताया कि मंगलवार की शाम तक बूंदाबांदी और ओला वृष्टि होने की संभावना है। बुधवार को मौसम सामान्य हो जाएगा ।