शामली में झिंझाना रोड पर कपड़ा ढ़क कर जाती युवतियां । संवाद
शामली। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी व लू के थपेड़ों से लोग बेहाल है। अधिकतम तापमान एक सप्ताह से 42 डिग्री स्थिर बना हुआ है जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस कम होकर 26 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि 28 से 31 मई तक आंधी गरज के साथ बारिश के आसार है, जिससे तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
जिले में मंगलवार को सुबह से ही चिलचिलाती धूप और लू चलने से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। दोपहर में हाल ये हो रहा है कि सड़कें और बाजार सूने हो जाते हैं। सड़कों पर लू के थपेड़ों से लोग बेहाल है। पिछले 15 दिन से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को अभी राहत नहीं मिली है।
पिछले एक सप्ताह से अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस स्थिर बना हुआ है। भीषण गर्मी से पंखे व कूलर से भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है।
उधर, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर यूपी शाही ने बताया कि 28 से 31 मई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में आंधी गरज़ के साथ हल्के से मध्यम वर्षा और कहीं-कहीं पर 30 एमएम तक की बारिश होने की संभावना है, उसके बाद तापमान में चार से पांच डिग्री की गिरावट के आसार हैं। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए इन दिनों में सिंचाई व रसायन का छिड़काव न करें।