शामली। निर्माणाधीन जिला संयुक्त चिकित्सालय में चल रहे क्वारंटीन वार्ड में फैली गंदगी की वायरल वीडियो पर डीएम जसजीत कौर ने संज्ञान लेते हुए क्वारंटीन सेंटर प्रभारी एसीएमओ डा. अनिल कुमार को फटकार लगाई और सेंटर में फैली गंदगी पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया। डीएम ने क्वारंटीन और कोविड अस्पताल में लगातार साफ-सफाई कराए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि शासनादेश के अनुसार मरीजों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही सामने आती है तो प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को भी क्वारंटीन सेंटर में साफ-सफाई कराने में सहयोग करने के निर्देश दिए। विदित हो कि 21 जुलाई को क्वारंटीन वार्ड में भर्ती एक व्यक्ति ने वार्ड में फैली गंदगी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था।
----------
शिकायतों को ऑनलाइन दर्ज कराएं, ज्ञापन करें ई मेल
शामली। डीएम जसजीत कौर ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए बताया कि कलक्ट्रेट, तहसील, थानों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। किसी भी व्यक्ति को ज्ञापन देना हो तो इस gyapanshamli@gmail.com पर ईमेल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भीड़ एकत्रित होने से कोरोना संक्रमण बढ़ने का खतरा बना रहता है। कलक्ट्रेट, तहसील, थानों पर आने वाले व्यक्ति अपनी शिकायतों को ऑनलाइन दर्ज कराएं ताकि कोरोना संक्रमण से बचा जा सके। ऑनलाइन शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल निस्तारण किया जाएगा। डीएम ने कहा कि जनपद में लगातार कोरोना पॉजिटिव केस मिल रहे हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि शासन प्रशासन द्वारा बताए गए नियमों का पालन करें। इसके अलावा डीएम ने कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के कहा कि कार्यालय कक्ष/परिसर में अनावश्यक भीड़ एकत्र न होनी दी जाए। केवल वही लोग मौजूद रहें, जिनके प्रकरण उस समय नियत हो और कार्रवाई पूर्ण होने पर अनावश्यक न बैठें। कार्यालयों में सोशल डिस्टेंसिंग का का पालन किया जाए। कार्यालय कक्ष और परिसर में सभी अधिकारी/कर्मचारी मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग अवश्य करें। कार्यालय परिसर में कोविड-19 हेल्प डेस्क स्थापित की जाए। कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की थर्मल स्क्रीनिंग की जाए व पल्स ऑक्सीमीटर का इस्तेमाल किया जाए। अगर किसी व्यक्ति को कोविड-19 से संबंधित कोई लक्षण पाया जाता है तो तत्काल मुख्य चिकित्साधिकारी या जिला चिकित्सालय को सूचना दी जाए। सभी अधिकारी और कर्मचारी आरोग्य सेतु एप अनिवार्य रूप से डाउनलोड करें और लोगों को इसके लिए प्रेरित करें। डीएम ने बताया कि शिकायती प्रार्थना पत्र देने वाले लोगों की सुविधा के लिए एकल खिड़की की व्यवस्था कलक्ट्रेट/तहसील परिसर में कमरा नंबर छह में की गई है।