40 दिन में 87 हजार 734 क्विंटल गेहूं की खरीद
शामली। पिछले साल की अपेक्षा जिले के 30 खरीद केंद्रों पर इस साल 1707 क्विंटल गेहूं किसानों से कम खरीदा गया है। खरीद एजेंसियों द्वारा 40 दिन में 87 हजार 734 क्विंटल गेहूं किसानों से खरीदा जा चुका है। जबकि पिछले साल जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित खरीद केंद्रों पर 89 हजार 441 क्विंटल गेहूं खरीदा गया था।
जिला प्रशासन ने इस साल एक अप्रैल से गेहूं खरीद करने के लिए जिले में 30 खरीद केंद्र खोलकर केंद्र प्रभारी नियुक्त कर दिए थे। शुुरुआती दौर में हरियाणा के करनाल, पानीपत, यमुनानगर, सोनीपत जिले में वेस्ट यूपी के किसान अपना गेहूं लेकर गए। एक आंकलन के अनुसार हरियाणा राज्य में वेस्ट यूपी के किसानों का गेहूं जाने से इस साल जिले में पिछले साल की तुलना में 30 खरीद केंद्रों पर 1707 क्विंटल गेहूं कम खरीदा गया है।
केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित एमएसपी 1975 रुपये प्रति क्विंटल से जिले में 30 खरीद केंद्रों पर किसानों से जिले में गेहूं की खरीदारी हुई। एक अप्रैल से लेकर 10 मई तक जिले के 30 खरीद केंद्रों पर 87 हजार 734 क्विंटल गेहूं 2597 किसानों से खरीदा गया। जिसमें खाद्य विभाग ने 29 हजार 056 क्विंटल, पीसीएफ ने 47 हजार 968 क्विंटल, पीसीसू ने 6 हजार 473 क्विंटल, भारतीय खाद्य निगम ने 4236 क्विंटल गेहूं शामिल हैं।
आंकड़ों के अनुसार दस मई तक 40 दिन में 87 हजार 734 क्विंटल गेहूं किसानों से खरीदा जा चुका है, जबकि पिछले साल जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित खरीद केंद्रों पर 89 हजार 441 क्विंटल गेहूं खरीदा था। डिप्टी आरएमओ निहारिका ने बताया कि इस साल 40 दिन में 87 हजार 734 क्विंटल गेहूं 2597 किसानों से खरीदा गया। इसके अलावा 2175 किसानों का भुगतान उनके खाते में भेज दिया गया है। इस साल हरियाणा बॉर्डर खुला रहने से पिछले साल की तुलना में इस साल 1707 क्विंटल कम खरीदा गया है। प्रतिदिन उनके खरीद केंद्रों पर चार हजार क्विंटल गेहूं से लेकर 4500 क्विंटल गेहूं की आवक हो रही है। 25 मई के बाद खरीद केंद्रों पर गेहूं की आवक कम हो जाएगी। 15 जून तक गेहूं की खरीद होगी। जिले के 30 खरीद केंद्रों से छह हजार 30 क्विंटल गेहूं को छोड़कर अन्य गेहूं का समय से उठान कर दिया गया है।
पिछले साल लॉकडाउन का मिला था लाभ
पिछले साल कोरोना लॉकडाउन 23 मार्च से देशभर में लागू हो गया था। लॉकडाउन में हरियाणा सील होने से आवागमन प्रभावित हुआ था। जिससे वेस्ट यूपी के किसान अपना गेहूं हरियाणा में नहीं ले जा सकेंगे थे। इस बार दो मई के बाद कोरोना कर्फ्यू लगाया है। इससे पहले जिले यमुना खादर के किसान अपना गेहूं पानीपत-करनाल की मंडियों में ले जा चुके थे। इस साल हरियाणा ने वेस्ट यूपी के किसानों का पंजीकरण करके उनका गेहूं खरीदा है।
दस मई तक किसानों से खरीदा गया गेहूं का आंकड़ा
खरीद केंद्र खरीद एजेेेंसी खरीदा गया गेहूं हजार क्विंटल में
- 6- खाद्य विभाग 29 हजार 956 क्विंटल
- 20- पीसीएफ 47 हजार 968 क्विंटल
- 3- पीसीयू 6 हजार 473 क्विंटल
- 1- भारतीय खाद्य निगम 4 हजार 236 क्विंटल
कुल 30 87 हजार 734 क्विंटल
- पिछले साल खरीदा गया गेहूं- एक लाख 78 हजार 884 क्विंटल
किसानों की संख्या - 4996