थानाभवन।पंजाब और हरियाणा में आई भीषण बाढ़ ने हजारों परिवारों की जिंदगी संकट में डाल दी है। लोग अपने घर, खेत-खलिहान और मवेशी तक खो चुके हैं। इस कठिन दौर में राष्ट्रीय लोकदल के जनप्रतिनिधियों ने राहत के हाथ बढ़ाते हुए इंसानियत की मिसाल कायम की है।
थानाभवन विधायक अशरफ अली खान, शामली के सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने अपनी एक माह की सैलरी बाढ़ पीड़ितों को समर्पित करते हुए आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी को चेक सौंपा। विधायक ने कहा कि यह सिर्फ आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व है। इंसानियत का तकाजा है कि हम सब मिलकर आपदा प्रभावित परिवारों के दुख-दर्द को बांटें।
आरएलडी सुप्रीमो जयंत चौधरी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आपदा के समय राजनीति पीछे छूट जाती है और मानवता सबसे आगे खड़ी होती है।
स्थानीय लोगों ने भी इस प्रयास को प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि स्वयं राहत कार्यों में आगे आएंगे तो समाज के अन्य वर्ग भी मदद के लिए प्रेरित होंगे। बाढ़ पीड़ितों के लिए इस समय हर छोटी-बड़ी मदद जीवनदायिनी साबित हो रही है।