कैराना में 160 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था
कैराना। पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। साथ ही बर्फीली हवा के कारण लोगों का जीना दुश्वार हो गया। इसके चलते नगरपालिका ने शनिवार से कैराना में 160 स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू कर दी है।
कड़ाके की ठंड के कारण दिसंबर माह के शुरूआत में नगर पालिका द्वारा केवल चार स्थानों शामली बस स्टैंड, चौक बाजार, कांधला तिराहा व तितरवाड़ा चुंगी पर 20-20 किलो लकड़ी डालकर अलाव जलाने शुरू किए थे, लेकिन बाद में ठंड बढ़ जाने पर नगर पालिका ने आठ स्थानों पर अलाव की व्यवस्था करा दी थी। नगर पालिका परिषद के चेयरमैन हाजी अनवर हसन ने बताया कि सर्दी बहुत बढ़ गई है। कस्बे में 160 स्थानों पर शाम पांच बजे से 20-20 किलो लकड़ी अलाव जलाने के लिए देनी शुरू कर दी गई है।