शामली वीवी डिग्री कॉलेज में प्राचार्य से वार्ता करते छात्र
शामली। वीवी पीजी कॉलेज में बीए व बीकॉम के विद्यार्थियों ने दूसरे दिन भी हंगामा-प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों का कहना था कि पहले व दूसरे सेमेस्टर में बैक वाले विद्यार्थियों को अगले सेमेस्टर में परीक्षा देने पर विश्वविद्यालय ने रोक लगा दी है, जबकि उन्होंने उसकी फीस भी जमा कर रखी है। उन्होंने समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्राचार्य ने विद्यार्थियों को उनकी समस्या से विश्वविद्यालय को अवगत कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर को कुलपति के नाम ज्ञापन दिया।
वीवी पीजी कॉलेज में बीए व बीकॉम के विद्यार्थियों ने इकट्ठे होकर कॉलेज प्रशासन और विश्वविद्यालय के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने हंगामा किया। विद्यार्थियों ने बताया कि मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर ने पहले और दूसरे सेमेस्टर में जिन विद्यार्थियों की बैक आई थी, उन्हें तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा देने पर रोक लगा दी है, जबकि उनसे तीसरे सेमेस्टर की फीस भी जमा करा ली गई थी। अब उन्हें तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा नहीं होने दे रहे हैं और प्रयोगात्मक परीक्षा में भी कम नंबर दिए गए हैं। इससे विद्यार्थियों के कम नंबर आए या फेल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। इस दौरान विद्यार्थियों ने काॅलेज प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सुधीर कुमार से मिलकर समस्याओं से अवगत कराते हुए समाधान की मांग की।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को उनकी समस्याओं से विश्वविद्यालय स्तर पर अवगत कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद विद्यार्थी कलक्ट्रेट में डीएम को कुलपति के नाम ज्ञापन देने पहुंचे, लेकिन डीएम के न मिलने पर डिप्टी कलेक्टर अर्चना को ज्ञापन देकर विद्यार्थियों की समस्याओं के निस्तारण की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि सात दिन में समस्याओं का समाधान नहीं होता तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन करेंगे। इस अवसर पर पारस, विश्ववेंद्र, प्रिया शर्मा, विनय, अर्जुन, गौतम, हिमांशु आदि मौजूद रहे।