शामली। नगरपालिका द्वारा भवन एवं जलकर में बेतहाशा वृद्धि के विरोध में पांच सभासदों ने नागरिकों के साथ सुभाष चौक पर धरना दिया। सभासदों ने कर में की गई बढ़ोतरी को वापस लेने समेत कई मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। रविवार को पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार सभासद अनिल उपाध्याय, निशी रानी, राजीव गोयल, पंकज गुप्ता और सविता विश्वकर्मा ने नागरिकों के साथ सुभाष चौक पर धरना दिया।
दोपहर में करीब दो बजे नायब तहसीलदार सुरेंद्र सिंह धरनास्थल पर पहुंचे। सभासदों ने नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी अखिलेश सिंह के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सभासदों ने कहा कि नगर पालिका ने राज्य सरकार का हवाला देकर भवन एवं जलकर में 100 प्रतिशत, व्यावसायिक कर पर 250 प्रतिशत, किरायेदारी पर 20 प्रतिशत और पालिका की दुकानों के नाम परिवर्तन पर धनराशि दो गुना कर बेतहाशा वृद्धि की है। किरायेदारी पर लगाए 20 प्रतिशत टैक्स को खत्म करने, उन्होंने दस रुपये भवनकर और दस रुपये जलकर यानि कुल 20 रुपये प्रति गज करने की मांग की। इसके अलावा शहर की 125 वर्ष पुरानी गऊशाला पर भेजे गए एक लाख 15 हजार रुपये माफ कर भविष्य में गऊशाला को कर मुक्त करने की मांग की गई।
सभासदों ने भवन स्वामियों को कर नोटिस उपलब्ध कराने और पालिका द्वारा सफाई विभाग में घर-घर कूडा कलेक्शन के लिए आरव एसोसिएट को ठेका देने की बजाय बेरोजगार सफाईकर्मियों को लगाने की मांग की। इस अवसर पर प्रमोद विश्वकर्मा, निशिकांत संगल, अमित मित्तल, संगीत गोयल, सुमित बंसल, अनिल गोयल, सन्नी शर्मा, विशाल निर्वाल, अश्वनी, रविकांत और धीर सिंह मलिक आदि मौजूद रहे।