शामली। नगरपालिका परिषद की शनिवार को बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से 48 करोड़ रुपये के विकास कार्यों और सुंदरीकरण के प्रस्ताव पारित हुए।
नगरपालिका सभागार में पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 का एक अरब 37 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट सर्वसम्मति से पास किया गया। अप्रैल 2025 में लागू की गई स्वकर निर्धारण प्रणाली में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए भवनकर व जलकर में नागरिकों को 31 मार्च 2026 तक 10 प्रतिशत छूट दिए जाने संबंधी नोटिफिकेशन में संशोधन करने का प्रस्ताव पारित हुआ।
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि शहर के मुख्य मार्गों के डिवाइडर के सुंदरीकरण व लाइटिंग के लिए दो करोड़ रुपये का बजट तैयार किया गया, जिसमें डेकोरेटिव लाइटिंग पोल व सेंटर पोल लगाने का निर्णय लिया गया। दो करोड़ रुपये की लागत से वार्ड तीन व चार में एक-एक बरात घर का निर्माण, एक करोड़ रुपये से रविदास मंदिर स्थित सामुदायिक केंद्र की दूसरी मंजिल पर सामुदायिक हॉल का निर्माण होगा।
काका नगर में एक करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक केंद्र, पंडित दीन दयाल योजना लगभग चार करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने के प्रस्ताव पारित हुए। नगरीय पेयजल योजना में लगभग दो करोड़ रुपये कीमत के नलकूप संबंधी सामान, सबमर्सिबल, नलकूपों पर ऑटोमेटिक पैनल लगवाने और बिजली न होने की दशा में अपने जनरेटर खरीदकर पानी की आपूर्ति करने संबंधी प्रस्ताव पारित हुए।
मल्टीलेयर पार्किंग के लिए दो करोड़ का बजट पारित
पालिकाध्यक्ष ने बताया बैठक में शहर की जाम की समस्या को देखते हुए मल्टीलेयर पार्किंग बनाने के लिए दो करोड़ रुपये का बजट रखा गया। मुख्य स्थानों पर एक करोड़ रुपये की लागत से वाटर कूलर ठंडे पानी की मशीन लगवाने, सफाई उपकरण एवं शहर को जगमग करने एवं पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाईट, हाई मास्क, छोटी स्काईलिफ्ट एवं विद्युत सामग्री क्रय करने, शहर में बाहरी वार्डों में 50-50 लाख रुपये व शहर के अंदर के वार्डों के विकास संबंधी कार्य कराने के लिए लगभग 15 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार करने संबंधी प्रस्ताव पारित हुए।
इसके अलावा पार्कों के सुंदरीकरण व रखरखाव के लिए दो करोड़ रुपये, शहर के पौराणिक व धार्मिक स्थानों के निर्माण व सुंदरीकरण के लिए दो करोड़ रुपये, नवीन बस स्टैंड के निर्माण हेतु दो करोड़ रुपये, विभिन्न स्थानों पर छात्राओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माण के लिए दो करोड रुपये, ओपन जिम के निर्माण के लिए व तिरंगा चौक के निर्माण के लिए एक-एक करोड़ रुपये के प्रस्ताव पारित हुए।
नगरपालिका के नए भवन के निर्माण सात करोड़ रुपये, नमो पार्क के निर्माण व सुंदरीकरण के लिए दो करोड़ रुपये का बजट पास हुआ। सभासदों ने एनीमल बर्थ कंट्रोल के लिए भूमि की खरीद करने व ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन व संचालन शुल्क उपविधि बनाने के लिए बोर्ड में प्रस्ताव रखा गया। बैठक का संचालन ईओ विनोद सोलंकी ने किया। बोर्ड बैठक में 25 में से 20 सभासदों के अलावा पालिका के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।