शामली । नेशनल चिल्ड्रेन साइंस कांग्रेस के विषय-वैदर एंड क्लाइमेट के उपविषय मानव जाति के क्रियाकलाप का पर्यावरण पर प्रभाव के तहत सिल्वर बेल्स स्कूल के छात्रों ने अनूठी पहल की। बच्चों ने प्रोजेक्ट बनाकर इस शोध कार्य को मुहिम के रूप में चलाने का बीड़ा उठाया।
सिल्वर बेल्स स्कूल के सीनियर सेकेंडरी छात्रों ने कार्बन पदचिह्न विषय पर प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की। इस मिनी रिसर्च प्रोजेक्ट में विद्यालय के 120 छात्र-छात्राओं ने दिनचर्या के माध्यम से पर्यावरण में होने वाले कार्बन उत्सर्जन का माप कर पाया कि यदि हम सब थोड़ा सा भी विचारशील हों और बिना किसी असहजता के हम अपनी जीवन शैली में थोड़ा सा परिवर्तन करें तो यह कार्बन उत्सर्जन कम करके पर्यावरण का संरक्षण कर सकते हैं।
भविष्य में इस प्रोजेक्ट से सभी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को जोड़ा जाएगा। इस प्रोजेक्ट को उप प्रधानाचार्या तूलिका गोयल के नेतृत्व में बनाया गया है। ग्रुप लीडर हर्षिता अग्रवाल के साथ अनुष्का वशिष्ठ, लक्ष्य कुमार, उत्सव जैन एवं शुभम कुमार शामिल हैं। सभी छात्र-छात्रा 12वीं कक्षा से हैं। प्रधानाचार्य डा. एके गोयल ने अपने अनुभव और मार्गदर्शन से इस कार्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहयोग दिया है।