गुड़ शक्कर लेकर लखनऊ पहुंचे उत्पादक
शामली। छह और सात मार्च को लखनऊ में होने वाले गुड़ महोत्सव के लिए जिले के सात गुड़ उत्पादक अपने उत्पाद लेकर पहुंच गए हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुड़ महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।
लखनऊ के गोमतीनगर में दो दिवसीय गुड़ महोत्सव का शनिवार से आगाज होगा। जिले में जैविक गन्ने से बनाए गए गुड़ एवं शक्कर उत्पादों को भी इसमें शामिल किया जाना है। गांव राझड़ निवासी तैयब अंसारी, मयूर अहमद एवं महफूज अहमद लखनऊ पहुंच गए। इसके अलावा गांव मीमला निवासी राजेश एवं कुलश्रेष्ठ तथा खंद्रावली निवासी राजेंद्र एवं नईम भी अपने उत्पाद लेकर लखनऊ पहुंच गए हैं।
राजेश कुमार ने फोन पर बताया कि वह सूखे मेवों का गुड़ और शक्कर लेकर आए हैं। गुड़ महोत्सव में इसकी प्रदर्शनी लगाएंगे। इसके अलावा महफूज ने बताया कि वह भी जैविक गन्ने से तैयार गुड़ एवं शक्कर लेकर लखनऊ पहुंचे हैं। गांव खंद्रावली निवासी नईम ने बताया कि वह भी जैविक विधि से उगाए गए गन्ने से बनाया गया शक्कर और गुड़ लेकर मेले में शामिल होने के लिए लखनऊ पहुंच गए हैं। शनिवार को गुड़ महोत्सव का शुभारंभ होगा।