शामली। यू-डायस पोर्टल पर प्राइवेट स्कूल संचालक डाटा अपलोड करने में रुचि नहीं ले रहे हैं, जिससे शिक्षा विभाग का कार्य समय से पूरा नहीं हो पा रहा है। शिक्षा विभाग ने 20 से अधिक स्कूल संचालकों को नोटिस भेजकर जल्द ही डाटा देने के आदेश दिए हैं। चेतावनी दी कि अगर 15 जून तक डाटा नहीं दिया जाता है तो उनके खिलाफ मान्यता रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।
पिछले चार माह से यू-डायस पोर्टल पर विद्यालयों का विवरण मांगा जा रहा है। शिक्षा निदेशालय से यू-डायस प्लस 2022-23 के डाटा में स्कूल प्रोफाइल एंड फैसिलिटी मॉड्यूल, टीचर मॉड्यूल, स्टूडेंट मॉड्यूल के अंतर्गत डाटा अपडेशन एंट्री का काम विद्यालय स्तर से 30 अप्रैल तक पूरा करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अभी तक यह कार्य पूरा नहीं हो सका है। जिला समन्वयक अमित कुमार ने बताया कि बार-बार चेतावनी देने के बाद भी जनपद के 20 से अधिक निजी विद्यालयों ने नामांकित छात्र-छात्राओं का पूरा डाटा यू-डायस पोर्टल पर नहीं भरा है। कुछ निजी स्कूलों ने अभी तक स्कूल, शिक्षक व छात्र विवरण को भरकर पोर्टल पर दर्ज नहीं करवाया है। लगातार लापरवाही बरती जा रही है। ऐसे विद्यालयों को चिह्नित कर उनके प्रबंधक/प्रधानाचार्य को नोटिस दिया गया है। विद्यालयों को 15 जून तक मौका देते हुए हर हाल में डाटा फीडिंग का काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। ऐसा नहीं करने पर संबंधित विद्यालयों की मान्यता रद्द करने की नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ कर दी जाएगी।