शामली। नगर निकाय चुनाव की मतगणना के लिए तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। शामली में कृषि मंडी में पांच निकायों की मतगणना होगी, जिसके लिए रविवार से ही बेरिकेडिंग, जाल लगाने और टेबिल बिछाने का कार्य शुरू करा दिया गया है। 28 नवंबर को मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण भी होना है।
जिले की तीन नगर पालिका और सात नगर पंचायतों में अध्यक्ष और वार्ड सदस्य पद के लिए गत 22 नवंबर को मतदान हुआ था, जबकि एक दिसंबर को मतगणना होनी है। नगर पालिका शामली तथा नगर पंचायत एलम, बनत, थानाभवन और जलालाबाद की मतगणना शामली स्थित कृषि मंडी स्थल पर होगी। वहां स्ट्रांग रूम के बराबर वाले चबूतरे पर ही मतगणना की व्यवस्था कराई जा रही है।
रविवार को ही चबूतरे पर पाइल से बेरिकेडिंग और चारों तरफ जाल लगाने का कार्य शुरू करा दिया गया। चबूूतरे पर ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है, ताकि स्ट्रांग रूम से मतपेटियों को बेरिकेडिंग के जरिये ही चबूतरे तक लाया जाए। चबूतरे पर दोनों ओर मतगणना की टेबिल लगाई जाएगी, जबकि बीच में गैलरी छोड़ी गई है। मतगणना कर्मियों के अलावा प्रत्याशियों के मतगणना अभिकर्ता (एजेंट) भी वहां आ जा सकें।
गौरतलब है कि शामली नगर पालिका की मतगणना के लिए सर्वाधिक टेबिल लगाई जाएंगी, जिसमें 29 टेबिल अध्यक्ष की और 29 वार्ड सभासद के मतपत्रों की गिनती के लिए लगेंगी। वहीं, नगर पंचायत झिंझाना, ऊन तथा गढ़ीपुख्ता की मतगणना झिंझाना स्थित आरएसएस इंटर कॉलेज में होगी, जबकि नगर पालिका कैराना और कांधला की मतगणना कैराना स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज में होगी।