शामली में आरके इंटर कॉलेज में सीटिंग प्लान करते प्रधानाचार्य और कर्मचारी।
- फोटो : SHAMLI
बीएड प्रवेश परीक्षा की तैयारी पूरी, केंद्रों को किया सैनिटाइज
शामली। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2020-22 की तैयारी पूरी हो गई है। जनपद में बनाए गए तीनों केंद्रों को सैनिटाइज किया गया है। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा होगी। डीआईओएस और नोडल अधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
रविवार को होने वाली बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए जनपद में तीन परीक्षा केंद्र आरके इंटर कालेज शामली, वीवी इंटर कालेज शामली और वीवी डिग्री कालेज शामली बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 1246 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। शनिवार दोपहर को डीआईओएस सरदार सिंह, नोडल अधिकारी डा. चमनलाल, सह नोडल अधिकारी डा. अरविंद कुमार ने तीनों केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीआईओएस ने बताया कि तीनों केंद्रों पर सीटिंग प्लान तैयार हो गया है। सीट पर परीक्षार्थियों की स्लिप चस्पा करने के साथ ही सीटिंग प्लान की सूची केंद्रों पर नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है। केंद्रों को सैनिटाइज कराया गया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। एक कमरे में 24 परीक्षार्थी सोशल डिस्टेंस के साथ परीक्षा देंगे। एक कक्ष में एक कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी रहेगी। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद परीक्षा कक्ष में परीक्षार्थियों को एंट्री दी जाएगी। परीक्षा दो पालियों में सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षार्थियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक मशीन से होगी।