प्रेमवीर राणा लाइन हाजिर, सत्यपाल सिंह सिंह बने शहर कोतवाल
शामली। आम जनता से दुर्व्यवहार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रेमवीर राणा और चौसाना चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी ने एसओजी प्रभारी उप निरीक्षक सत्यपाल सिंह को शहर कोतवाली की कमान सौंपी है।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि दो दिन पहले शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रेमवीर राणा द्वारा आमजन के साथ दुर्व्यवहार करने और अपशब्दों का इस्तेमाल करने की जानकारी मिली थी। इस संबंध में एक वीडियो भी संज्ञान में आई थी, हालांकि वीडियो रात में बनी होने से आवाज बहुत हल्की होने के कारण कुछ स्पष्ट नहीं हो पा रहा था, लेकिन वीडियो देखने से प्रतीत हो रहा था कि कोतवाल द्वारा जनता के साथ व्यवहार ठीक नहीं किया गया है। इस पर उन्होंने संज्ञान लेते हुए कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा को लाइन हाजिर कर दिया गया। उनके स्थान पर एसओजी प्रभारी उप निरीक्षक सत्यपाल सिंह को शहर कोतवाली का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस मामले की जांच सीओ सिटी जितेंद्र कुमार को सौंपी है।
एसपी ने बताया कि इसी तरह दो दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल एक ऑडियो संज्ञान में आई थी, जिसमें उप निरीक्षक द्वारा किसी के साथ अपशब्दों का इस्तेमाल किया जाना पाया गया। इसकी शिकायत लिखित या मौखिक किसी के द्वारा नही की गई थी। इस कॉल रिकार्डिंग पर स्वत: संज्ञान लेते हुए इसकी जांच सीओ कैराना प्रदीप कुमार को सौंपी गई। जांच में आम जनता से दुर्व्यवहार का मामला सामने पर चौसाना चौकी पर तैनात उप निरीक्षक नफीस अहमद को भी लाइन हाजिर किया गया है।