कड़ी सुरक्षा के बीच अदा हुई जुमे की नमाज
थानाभवन/जलालाबाद। शुक्रवार को कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा के बीच लोगों ने जुमे की नमाज अदा की। इस दौरान पुलिस ने पूरे क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन पहले से ही अलर्ट था, बृहस्पतिवार शाम छह बजे से ही जिले की इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई थी। शुक्रवार सुबह के समय पुलिस ने कस्बे में सीओ अमित सक्सेना के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला। फिर जुमे की नमाज के वक्त थानाभवन, जलालाबाद के साथ हसनपुर लुहारी, भैसानी आदि गांवों के धर्म स्थलों पर पुलिस एवं पीएसी तैनात की गई थी। पुलिस सुरक्षा के बीच ही क्षेत्र में लोगों ने जुमे की नमाज अदा की। इससे पहले सीओ ने थाना पुलिस, जलालाबाद चौकी पुलिस के साथ जलालाबाद में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान टीम ने कस्बे के सभी मदरसों के साथ सभी मोहल्लों व गलियों में गश्त करते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। लोगों से कहा कि यदि कोई व्यक्ति अराजकता फैलाने की कोशिश करता है तो इस संबंध में तुरंत पुलिस को सूचना दी जाए। ऐसेे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।