भारत माता की जय के उद्घोष से गूंजते रहे स्कूल परिसर
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले के शिक्षण संस्थानों में बृहस्पतिवार को आजादी के अमृत महोत्सव के तहत प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान भारत माता की जय के उद्घोष के साथ स्कूल परिसर में गूंजते रहे।
सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। सफेद यूनिफार्म में हाथ में तिरंगा लिए विद्यार्थी और शिक्षकों ने भारत माता की जय के उद्घोष के साथ प्रभात फेरी का शुभारंभ किया। एनसीसी कैडेट के मार्च के साथ कदमताल शुरू हुआ। वंदेमातरम् के नारों और रघुपति राघव की धुन के साथ संपूर्ण विद्यालय परिसर गूंज उठा। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में सजकर सभी आजादी के दीवानों को श्रद्धांजलि दी और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल में प्रभात फेरी निकाली गई। इसका शुभारंभ स्कूल चेयरमैन राजकुमार गर्ग ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अमर शहीदों को याद किया। प्रभात फेरी मिल रोड से शुरू होकर हनुमानधाम, वर्मा मार्केट, वीवी इंटर कॉलेज, फव्वारा चौक, विजय चौक होते हुए कैराना रोड पर गुलजारी वाला मंदिर के निकट पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान विद्यार्थियों में जोश व उत्साह का माहौल रहा। यहां प्रधानाचार्य आशु त्यागी, संजीव कुमार, हिमांशु वत्स, गौरव अग्रवाल, रवींद्र, विपिन, दीपक, आयुष भारद्वाज, राजीव तोमर, उपवन शर्मा, भौरू आदि मौजूद रहे।
जैन कॉलेज ऑफ एजूकेशन बनत में आजादी के 75वां अमृत महोत्सव पर कॉलेज के प्रबंधक दीपक जैन, प्राचार्या अनुपमा शर्मा ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इस दौरान देशभक्ति से पूर्ण लेखन स्लोगन व पेंटिंग प्रतियोगिता हुई। स्लोगन प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार मीनू शर्मा, पेटिंग प्रतियोगिता में अंजलि ने प्राप्त किया।
महाराजा सूरजमल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों का प्रतिनिधिमंडल स्कूल मैनेजर श्यामपाल सिंह के नेतृत्व में डीएम जसजीत कौर से मिला। उन्हें हर घर तिरंगा अभियान की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अपने कॅरिअर संबंधी जिज्ञासाओं के सटीक उत्तर पाकर विद्यार्थी उत्साहित रहे। डीएम ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में आयोजित आजादी के अमृत महोत्सव को पूरे उत्साह के साथ मनाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य बृजवीर सिंह, खेल प्रशिक्षक अर्जुन कुमार, विपिन मलिक व शिक्षक-शिक्षिकाएं आदि मौजूद रहे।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय बनत में रंगोली व चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रभात फेरी निकाली गई। स्कूल के बच्चे और शिक्षक पुलवामा हमले में शहीद प्रदीप कुमार के घर गए। इस दौरान शहीद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर खलील अहमद, अदिति राणा, नवीन कुमार, रश्मि चौधरी, नेहा मलिक, मोनिका, सीमा देवी, हुमा परवीन आदि रहे।
उच्च प्राथमिक विद्यालय लिलौन में हर घर तिरंगा अभियान में प्रभारी प्रधानाध्यापिका उपमा शर्मा के नेतृत्व में बच्चों ने मानव शृंखला और प्रभात फेरी निकाली गई। इस अवसर पर एसएमसी अध्यक्ष रविता देवी, सलीम, राजेश देवी, शाहिदा और अभिभावक मौजूद रहे।
राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में हर घर तिरंगा कार्यक्रम में ध्वजारोहण, झंडा गीत, श्रमदान किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक विपुल सूर्यवंशी व अदिति सिंह के निर्देशन में छात्राओं ने तिरंगा रैली निकाली और हर घर में तिरंगे का वितरण किया। इस अवसर पर प्राचार्य जितेंद्र कुमार, रश्मि, सचिन, सचिन विकल, विनीत, वाणी गुप्ता, स्वाति, मोनिका, तेजपाल सिंह, राजेंद्र कुमार, जोनी सैनी, जितेंद्र आदि मौजूद रहे।