फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: आंधी-बारिश से 230 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित

Sat, 13 Jun 2026 01:31 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
जनपद के कुड़ाना मार्ग पर रात्रि में आई तेज आंधी और बारिश के कारण गिरी ज्वार की फसल। संवाद
विज्ञापन
शामली। बृहस्पतिवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने जिले की विद्युत व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। आंधी-बारिश के कारण विभिन्न स्थानों पर फाल्ट होने से जिले के करीब 230 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। जिलेभर में 25 स्थानों पर बिजली खंभे और 20 पेड़ गिरने से आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई। ऊर्जा निगम की टीमें शुक्रवार को दिनभर आपूर्ति सुचारु कराने में जुटी रहीं।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इसके चलते झाल, घसौली, कंडेला, मंसूरा, सिक्का, कैराना, जलालाबाद, थानाभवन, ऊन, बाबरी और माजरा समेत विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों की लाइनों में फाल्ट हो गया। जिलेभर में करीब 230 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। आंधी के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में करीब 25 बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि 25 पेड़ भी टूटकर सड़कों और लाइनों पर गिर पड़े। बृहस्पतिवार रात दस बजे से लेकर शुक्रवार दोपहर दो बजे तक आपूर्ति बाधित रही। देहात क्षेत्र में तो देर शाम तक आपूर्ति गुल थी।
बिजली आपूर्ति बाधित होने का असर पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ा। शामली शहर के काजीवाड़ा, रेलवे रोड, दिल्ली रोड समेत कई इलाकों में नगर पालिका की पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही। लोगों को सुबह पानी की समस्या का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

रेलवे रोड निवासी सीमा और राजेश ने बताया कि बारिश और तेज हवा चलते ही बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। उधर, बिजली गुल रहने का असर औद्योगिक गतिविधियों पर भी देखने को मिला। उद्योगपतियों के अनुसार जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में फैक्ट्रियों का काम प्रभावित हुआ। साइमा के चेयरमैन अंकित गोयल ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने से उत्पादन कार्य प्रभावित हुआ और उद्योगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

चौसाना क्षेत्र में टूटा खंभा, कई गांवों की आपूर्ति प्रभावित
चौसाना क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश के कारण चौसाना, दथेड़ा, टोडा और खोड़समा विद्युत उपकेंद्रों को आपूर्ति देने वाली 33 केवी लाइनें प्रभावित हो गईं। इससे करीब दो दर्जन गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। शुक्रवार सुबह पेट्रोलिंग के दौरान दथेड़ा लाइन पर इंसुलेटर और तारों में मृत सांप फंसा मिला, जिसे हटाकर आपूर्ति बहाल की गई। वहीं, टोडा विद्युत उपकेंद्र की 33 केवी लाइन पर एक खंभा टूट गया, जिसके कारण संबंधित क्षेत्र में आपूर्ति बहाल करने में अधिक समय लगा। विभाग की ओर से खंभा बदलने का कार्य किया गया।

जलालाबाद में सुबह बहाल हुई आपूर्ति
जलालाबाद क्षेत्र में भी तेज आंधी के कारण रात में कुछ घंटों के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही। विभागीय अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब छह बजे आपूर्ति सुचारु कर दी गई।

पूरी रात गुल रही बिजली
झिंझाना क्षेत्र में भी आंधी और बारिश के बाद पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही। ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे तक भी कई क्षेत्रों में बिजली नहीं पहुंच सकी थी।

आंधी और बारिश के कारण जिले के कई क्षेत्रों में फाॅल्ट हुए थे। आपूर्ति बहाल करने के लिए 60 से अधिक टीमें लगाई गई हैं। अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुचारु करा दी गई है और शेष स्थानों पर कार्य जारी है।

- वीरेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता, ऊर्जा निगम, शामली

जनपद के कुड़ाना मार्ग पर रात्रि में आई तेज आंधी और बारिश के कारण गिरी ज्वार की फसल। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें