चौसाना। सोमवार रात एक के बाद एक कई फाॅल्ट आने से चौसाना बिजलीघर से जुड़े 12 से अधिक गांवों की आपूर्ति पूरी रात बाधित रही।
रात करीब 8 बजे चौसाना बिजलीघर में 33 हजार केवीए की मेन केबल जलने से पूरे क्षेत्र की सप्लाई अचानक ठप हो गई, जिससे गांवों में अंधेरा छा गया और भीषण गर्मी के बीच लोग परेशान हो उठे।
इसी दौरान खेड़की तिराहे के पास एक ट्रैक्टर की टक्कर से 11 हजार केवीए की लाइन खंभे से टूटकर नीचे गिर गई। हाईटेंशन तार पास के एक छप्पर पर जा गिरा। काफी मशक्कत के बाद जब दोनों फाल्ट ठीक किए गए तो जिजौला और भड़ी टाउन की लाइनों में तेज हवाओं के कारण फिर खराबी आ गई, जिससे इन क्षेत्रों की आपूर्ति दोबारा बाधित हो गई। रात करीब 12:30 बजे लाइन क्लियर की गई, लेकिन इसी बीच शामली शामला से आने वाली 33 हजार केवीए की सप्लाई फिर से ठप हो गई, जिससे हालात और बिगड़ गए।
बाद में अलीपुरा मोड पर 11 हजार केवीए लाइन में इंसुलेटर फाल्ट मिलने पर उसे ठीक किया गया, जिसके बाद करीब सुबह 3 बजे विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। पूरी रात बिजली गुल रहने से लोग गर्मी से बेहाल रहे। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं घरों से बाहर निकलकर गलियों और सड़कों पर टहलते नजर आए। कई जगहों पर लोग रातभर जागते रहे और बिजली आने का इंतजार करते रहे।
इस दौरान चौसाना, पठानपुरा, खेड़की, लक्ष्मीपुरा, भडी मुस्तफाबाद, भडी कोरियन, खोडसमा, महेंद्रगढ़, जिजौला, सकौती और नाई नगला सहित आसपास के कई गांवों की आपूर्ति प्रभावित रही।