शामली। मां गौरी-सिद्धिदात्री की पूजा अर्चना एवं विशेष अनुष्ठान के साथ श्री दुर्गा चैत्र नवरात्र का समापन हो गया। कन्याओं की पूजा और भोजन कराकर भेंट प्रदान करके व्रतों का परायण किया गया। सुबह के समय विशेष पूजा अर्चना करने के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
मंगलवार को श्री दुर्गाष्टमी में नवमी का समावेश एक हो जाने के बाद देवी मंडप में मां गौरी-सिद्धिदात्री की विशेष पूजा अर्चना की गई। श्री दुर्गा सप्तशती पाठ के समापन के मौके पर श्रद्धालुओं द्वारा विधि विधान से विशेष अनुष्ठान किया गया। दुर्गा चालीसा का पाठ मां की आरती उतारी गई। घरों में नौ कन्याओं का विशेष पूजन करके श्रद्धा से भोजन कराया गया।
शहर के करनाल रोड स्थित मां शाकंभरी देवी मंदिर, बलभद्र मंदिर शिवमंदिर, गुलजारी वाला शिव मंदिर, हनुमान धाम, मोहल्ला रेलपार में मां दुर्गा शिवमंदिर, टंकी रोड स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर, गौशाला माता सती मंदिर में श्रद्धालुओं की विशेष पूजा अर्चना करने और प्रसाद चढ़ाने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। इस मौके पर मंदिरों में मां के जयकारे गूंज उठे।
शहर के पुरानी सब्जी मंडी में स्थित मां शाकंभरी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं को भीडं को काबू करने के लिए पुलिस को व्यवस्था बनानी पड़ी। शहर के भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल समेत भाजपाइयों ने मां के दर्शन करने के बाद प्रसाद चढ़ाकर मनोकामनाएं मांगी। इस मौके पर मेले का आयोजन किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं ने जमकर खरीददारी की।
कड़ी सुरक्षा के बीच निकली शोभायात्रा
कैराना । कड़ी सुरक्षा के बीच रामनवमी की शोभायात्रा कस्बे में निकली गई। शोभायात्रा में सुंदर-सुंदर झांकियों और बैंडबाजों की भक्ति भरी धुनों पर श्रद्धालु नृत्य करते चल रहे थे। जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
मंगलवार को रामनवमी के पावन अवसर पर कस्बे में सिद्धपीठ प्राचीन वन खंडी महादेव मंदिर से शोभायात्रा निकली गई। जिसमें शिव पार्वती, पवनपुत्र हनुमान, राधा कृष्ण की झांकियां शोभा बढ़ी रही थी। शोभा यात्रा के अंत में रथ पर राम लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान विराजमान थे।
यात्रा कस्बे के बनखंडी महादेव मंदिर से चौक बाजार, जोडिया कुंआ, सराफा बाजार, निर्मल चौराहा, पट़्टो वाला, मोहल्ला गुंबद, शामली बस स्टैंड होते हुए पुन वनखंडी महादेव मंदिर पर समाप्त हुई। इस दौरान पुलिस और पीएसी के जवान सुरक्षा में मुस्तैद रहे। चैत्र नवरात्र की दुर्गाष्टमी पर जलालाबाद के सिद्ध पीठ दुर्गा देवी मंदिर में मां दुर्गा के दर्शन को प्रात: से भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी प्रबंध समिति द्वारा मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया था। शाम के समय मां दुर्गा की भव्य शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों आर्यनगर, मोती बाजार, प्रताप नगर बोहरान, पाल धर्मशाला, कटेहरा बाजार आदि स्थानों से निकाली गई।
शोभायात्रा में भक्त सुखदेव, बाबू किनरा, बृजमोहन, आदेश कुमार, अवनीश आहुजा, रोमिल मित्तल, आदि का सहयोग रहा। वहीं, श्रीराम मंदिर जलालाबाद व निकटवर्ती हसनपुर लुहारी में रामनवमी पर्व के उपलक्ष्य में सत्यनारायण मंदिर को सजाया गया। बुधवार को शोभायात्रा निकाली जाएगी। नवरात्र एवं रामनवमी पर्व के उपलक्ष्य में पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहा।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु
शामली। श्री दादी सेवा संस्थान हनुमान के तत्वावधान में झुंझनूं वाली दादी राणी सती का 15वां विराट वार्षिक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। दिल्ली से आई गायिका कविता के भजन पर श्रद्धालु झूम उठे।
सोमवार की रात महोत्सव का शुभारंभ नगर पालिका परिषद के सदस्य मनोज मित्तल ने माता राणी की ज्योति प्रकट करके की। श्रद्धालुओं ने 108 ज्योति प्रज्ज्वलित की। दादी की विग्रह झांकी में दिव्य दर्शन कोलकाता के कलाकारों ने कराया। भव्य दरबार में छप्पन भोग लगाया गया।
मुख्य यजमान नगर पालिका परिषद के चेयरमैन अरविंद संगल रहे। मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मनीष चौहान ने राणी सती दादी झुंझनूं वाली की महा आरती उतारी।
देवेंद्र अरोड़ा जी ने श्रीगणेश जी की वंदना प्रस्तुत की। कोलकाता से आए शुभम रुपम ने अपने भजन में ‘मैया तेरे भरोसे मेरा परिवार है’, ‘हर जन्म तेरा साथ चाहिए मैया, लाया थारी चूनरी करई यो मां स्वीकार’, दिल्ली से आई कविता पांचाल ने अपने भजन ‘रंग बरसे दादी झ्ंाुझनूं वाली के दरबार में’, सुनील अरोड़ा ने मां के भजन प्रस्तुत करके श्रद्धालुओं को झूमने को मजबूर कर दिया।
भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल, भाजपा नगर अध्यक्ष डाक्टर विपिन कौशिक, यशपाल पंवार, संस्था के अध्यक्ष ब्रजमोहन शर्मा, महामंत्री देवेंद्र अरोड़ा, कोषाध्यक्ष प्रदीप ऐरन, राकेश शर्मा, आलोक अवस्थी, कमल चौहान, अमन गोयल, अविनाश संगल, राहुल शर्मा, गौरव गर्ग, अभिषेक मित्तल, शिवांग गर्ग, निखिल जैन, अंकुर अग्रवाल, लक्ष्य अरोड़ा, वासु शर्मा, प्रदीप शर्मा, अरुण शर्मा, पराग संगल, सचिन ऐरन, संजय पांचाल, वर्षांत गोयल, लाल सिंह मौजूद रहे।