Pond overflow after heavy rains
- फोटो : SHAMLI
गढ़ीपुख्ता। सोमवार और मंगलवार को हुई बारिश के बाद गांव के तालाब अवरफ्लो हो गए हैं। इससे कई घरों में पानी भर गया है। लोग ताला लगाकर घर छोड़कर दूसरी जगहों पर चले गए हैं।
गढ़ी अब्दुल्ला खां में मोहम्मद गढ़ नाम से तालाब में तेज बारिश के होने के बाद पानी अवरफ्लो होकर घरों में घुस गया। मोहल्लेवासियों का घरों से निकलना भारी हो गया। लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। घरों तथा रास्ते में जलभराव हो जाने से प्रकाश, आलम, आजाज, एश मोहम्मद, अतर सिंह, चतर सिंह, श्याम सिंह, पदम सिंह आदि ने बताया कि कई लोग अपने घरों पर ताले लगाकर दूसरी जगह रहने चले गए हैं। कई मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं हैं। इन लोगों ने एसडीएम ऊन मणि अरोरा से समस्या का समाधान कराने की मांग की। एसडीएम ने ग्राम लेखपाल व कानूनगो को मौके पर जाकर समस्या निस्तारण कराने के निर्देश दिए। वहीं हलका लेखपाल लोकेश सैनी व कानूनगो राहुल कुमार ने मौके पर जाकर लोगों की समस्या के निदान के लिए तालाब से पानी निकालने के लिए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि फरहान खान से बात की। ऊन-थानाभवन रोड के पास खाला में जाफरपुर सीम के तालाब तक पानी निकासी के लिए पैमाईश कराई गई। तालाब की खुदाई कराने के लिए जेसीबी लगा दी गई तथा पानी की निकासी शुरू करा दी गई है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि फरहान खान ने बताया गांव में तेज बारिश के कारण तालाब अवरफ्लो हो गया था। इसी वजह से पास के मोहल्ले में पानी घरों में घुस गया। जेसीबी से खुदाई कराकर पानी की निकासी शुरू करा दी गई है। तालाब का पानी नाले से होकर पास के गांव जाफरपुर सीम तक पहुंचाया जा रहा है ।
गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव गढीअबदुल्ला खां में बरसात से गलियो में भरा पानी।- फोटो : SHAMLI
गढीपुख्ता क्षेत्र के गांव गढीअबदुल्ला खां में बरसात से गलियो में भरा पानी- फोटो : SHAMLI