-सभी मतदान कर्मियों को बैलेट पेपर और मतपेटियां दी गईं
-निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव के लिए संवेदनशीलता बरतने के निर्देश
फोटो
कैराना। नगर निकाय चुनाव में मतदान के लिए पब्लिक इंटर काॅलेज से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। सभी को बैलेट पेपर व मतपेटियों के साथ ही अन्य सामग्री दी गई है। चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सभी को संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
बृहस्पतिवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पहले चरण में नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान कराया जाएगा। वहीं मतदान से 1 दिन पहले बुधवार को नगर के पब्लिक इंटर कॉलेज में सभी पोलिंग पार्टियां पहुंचीं, जहां पर कैराना नगरपालिका के लिए 6 व कांधला नगरपालिका के लिए 3 टेबिल लगाई गईं। सभी टेबलों से वार्ड वाइज पोलिंग पार्टियों को बैलेट पेपर व मत पेटियां, अन्य सामग्री उपलब्ध कराई गईं। एसडीएम निकिता शर्मा ने बताया कि कैराना में 89 बूथ व कांधला नगर पालिका में 42 बूथ हैं। एक-एक बूथ पर 2-2 मतपेटियों के साथ ही अन्य सामग्री दी गई। सभी पोलिंग पार्टियों को पब्लिक इंटर काॅलेज के सामने स्थित जगदीश प्रसाद महाविद्यालय से बसों से मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। एसडीएम ने सभी को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए हैं।
-कैराना को 7 सेक्टरों व कांधला को 4 सेक्टरों में बांटा
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम रवींद्र सिंह ने कैराना में 7 सेक्टर मजिस्ट्रेटों व कांधला में 4 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। वहीं वाणिज्य कर अधिकारी भूपेंद्र सिंह व जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। दोनों की तैनाती कैराना में की गई है। इसके अलावा कांधला में वाणिज्य कर अधिकारी संदीप कुमार को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
-
14 पोलिंग पार्टियां रखीं रिजर्व में
कैराना व कांधला निकाय चुनाव के लिए कुल 14 पोलिंग पार्टियों को रिर्जव में रखा गया है। इनमें से 9 पोलिंग पार्टियां रिजर्व में कैराना में तैनात रहेंगी, जबकि 5 पोलिंग पार्टियों की कांधला में तैनाती की गई है।