शामली। कई बार हेल्पलाइन नंबर 112 व्यस्त रहता है। त्योहारी सीजन में किसी भी तरह की घटना, आपदा की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए एसपी अभिषेक ने अनूठी पहल की है। दिवाली से पूर्व सभी थाना प्रभारियों को दुकानदारों और अन्य लोगों के मोबाइल मेंं इमरजेंसी अलर्ट वाले ऑप्शन पर थाना वाइज पुलिस के हेल्पलाइन नंबर सेव कराए जा रहे हैं, ताकि एसओएस बटन पर क्लिक करे तो कॉल पहुंचते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर पीड़ित की मदद कर सके। अभी तक जिले के 100 लोगों के मोबाइल में हेल्पलाइन नंबर फीड कराए जा चुके हैं।
त्योहारी सीजन में घटनाओं के होने की संभावना बनी रहती है। कई बार पीड़ित पुलिस को सूचना देने का प्रयास करता है मगर व्यस्त रहने के कारण सफलता नहीं मिलती। एसपी अभिषेक ने बताया कि जिन भी लोगों के पास एंड्रायड फोन होते हैं उनमें पावर ऑफ के ऑप्शन के पास ही एसओएस का ऑप्शन होता है। जिस पर क्लिक करने के बाद पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल हो जाती है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि इमरजेंसी अलर्ट या फिर सेफ्टी पैनिक मोड पर थाना वाइज पुलिस के हेल्पलाइन नंबर सेव कराए जाए, ताकि थानों में सीधे काल आए और काल जाते ही पीड़ित की मदद की जा सके। तीन दिन में पुलिस ने 100 से अधिक के मोबाइल में हेल्पलाइन नंबर फीड कराए हैं। इसके अलावा फीड कराए नंबरों का ट्रायल भी किया गया जो पूरी तरह से सफल रहा। अन्य व्यापारियों, लोगों को भी सेफ्टी मोड और एसओएस ऑप्शन की जानकारी दी जा रही है।
इस तरह कर सकते हैं कॉल
एसपी के अनुसार, सभी एंड्रायड फोन में एसओएस का ऑप्शन आता है। मोबाइल की सेटिंग में जाकर इमरजेंसी अलर्ट, सेफ्टी आदि के ऑप्शन पर पुलिस थानों के नंबर सेव किए जा सकते हैं। जिसके बाद एसओएस पर क्लिक करने पर पुलिस के पास कॉल जाएगी। यदि बात भी नहीं हो पाई है तो पुलिस के पास कॉल करने वाली की लोकेशन और अन्य डिटेल चली जाती है। पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।
त्योहारी सीजन में हादसों और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने की पहल की गई है। लोगों को भी जानकारी दी जा रही है। इससे लोगों को तुरंत मदद मिल सकेगी।
अभिषेक, एसपी शामली
इन थाना क्षेत्रों की ली जा सकती है मदद
शामली 9454404083
आदर्श मंडी 9454404074
कांधला 9454404071
कैराना 9454404069
झिंझाना 9454404068
थानाभवन 9454404085
बाबरी 9454404059
गढ़ीपुख्ता 9454404065