फैय्याज हत्याकांड में तीन संदिग्धों का पुलिस कराएगी नार्को टेस्ट
शामली, कैराना। करीब दो माह पहले आर्यपुरी ईंट भट्ठे पर 55 वर्षीय चौकीदार फैय्याज की सिर में गोली मार कर की गई हत्या के मामले में पुलिस अब तीन संदिग्धों का नार्को टेस्ट कराएगी। पुलिस ने तीनों संदिग्धों को नार्को टेस्ट के लिए नोटिस जारी कर दिए हैं।
21 अक्टूबर की सुबह आर्युपरी देहात में स्थित प्रेम सिंह के ईंट भट्ठे पर चौकीदार फैय्याज (55) का खून से लथपथ शव मिला था। मृतक के बेटे इरशाद की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। फैय्याज के सिर में गोली मारी गई थी। पुलिस को मौके से शराब की बोतल, दो डिस्पोजल ग्लास, पानी की खाली बोतल व नमकीन का खाली रेपर भी मिला था। मौके पर डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया था। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज के लिए कई डीवीआर कब्जे में ली थी। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली थी। वहीं पिछले कुछ दिनों से पुलिस की शक की सुई तीन संदिग्धों के इर्द-गिर्द घूम रही है। पुलिस तीनों से कई बार पूछताछ भी कर चुकी है। लेकिन कोई सबूत हाथ नहीं लग सका। जिसके चलते हत्याकांड के खुलासे में अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस तीनों संदिग्धों का नार्को टेस्ट कराएगी। इसके लिए पुलिस ने तीनों को नोटिस जारी कर दिए हैं। अगर नोटिस के जवाब में तीनों नार्को टेस्ट के लिए अपनी सहमति देते हैं तो उसके बाद पुलिस तीनों के कोर्ट में बयान कराने के बाद नार्को टेस्ट कराएगी।