कोरोना संकट के कारण कैराना कोतवाली में 6 माह बाद आयोजित थाना समाधान दिवस में फरियाद सुनते अधिकारी
- फोटो : SHAMLI
छह माह बाद शुरू हुआ थाना समाधान दिवस
शामली/कैराना। कोरोना संक्रमण के चलते जिले में छह माह बाद थाना समाधान दिवस हुआ। इस दौरान फरियादियों की संख्या कम रही। शामली में दो और कैराना में छह शिकायतें आईं।
शासन के निर्देश पर प्रत्येक माह के प्रथम व तृतीय शनिवार को जन समस्याओं के समाधान के लिए थाना समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए मार्च माह से थाना दिवस का आयोजन बंद हो गया था। करीब छह माह बाद शासन के निर्देश पर थाना समाधान दिवस फिर से शुरू किया गया है। शहर कोतवाली में एसडीएम सदर संदीप कुमार ने थाना समाधान दिवस में समस्याएं सुनीं। कोतवाली प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि इस दौरान दो शिकायतें आईं, जिनमें एक शिकायत गोशाला रोड की पारिवारिक विवाद से संबंधित रही, जबकि दूसरी शिकायत काबड़ौत गांव से जमीन संबंधी आई है। दोनों के निस्तारण के लिए टीम भेजी गई।
कैराना कोतवाली में एसडीएम उद्भव त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित थाना समाधान दिवस जमीन से संबंधी छह शिकायतें आईं। चार शिकायतों का अधिकारियों द्वारा मौके पर निस्तारण किया गया। थाना समाधान दिवस में कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुसार सोशल डिस्टेंस का पालन किया गया। फरियादियों को मास्क लगाने के निर्देश दिए गए। विदित रहे कि पिछली बार सात मार्च 2020 को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया था। इसके बाद कोरोना महामारी को देखते हुए थाना समाधान दिवस पर शासन ने रोक लगा दी थी। इस दौरान कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा, अधिशासी अधिकारी हेमराज पुंडीर, खाद्य एवं सफाई निरीक्षक कविता त्यागी तथा लेखपाल मौजूद रहे। उधर, थाना झिंझाना पर शनिवार केे आयोजित थाना समाधान दिवस में मात्र एक शिकायत जमीन संबंधी आई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस के साथ राजस्व टीम को सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने के मौके पर भेजा गया।