कोरोना से बचाव के लिए पुलिस ने जारी की वीडियो
शामली। कोरोना से बचाव के लिए पुलिस की तरफ से कोराना प्रशिक्षण की वीडियो जारी की गई है। अपर पुलिस महानिदेशक असीम अरुण ने पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए कोरोना से बचाव संबंधी प्रशिक्षण वीडियो जारी की है। इस वीडियो में अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा है कि पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों का लोगों से मिलना जुलना रहता है। इससे बचाव के तरीके अपनाने चाहिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि साफ-सफाई का ध्यान रखे। हाथों को साबुन से बार-बार धोएं। पीआरवी वाहनों का डैशबोर्ड, हैंडिल आदि साफ करें। छींकने या खांसते समय टिशू पेपर से मुंह ढके। टिशू पेपर का इस्तेमाल करने के बाद उसे बंद कूड़ेदान में डाले। अगर कोई खांस रहा है या छींकता है तो उससे एक से दो मीटर की दूरी बनाए रखें और उन्हें मास्क दे। इसके अलावा अन्य इसी तरह की सावधानी बरतें।
छुट्टी के दिन भी खुला एआरटीओ कार्यालय
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। महीने के दूसरे शनिवार को अवकाश होने के बाद भी एआरटीओ कार्यालय में कामकाज हुआ। परिवहन आयुक्त लखनऊ के निर्देश पर राजस्व वसूली बढ़ाने और बीएस-4 श्रेणी वाहनों के पंजीकरण आदि कार्य किए गए। एआरटीओ मुंशीलाल ने बताया कि परिवहन आयुक्त लखनऊ से महीने के दूसरे शनिवार को अवकाश में भी कार्यालय खोलने के निर्देश दिए गए है। इसके तहत शनिवार को कार्यालय खुला, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने रोज की तरह कामकाज किया। ज्यादा जोर राजस्व वसूली बढ़ाने और बीएस-4 श्रेणी के वाहनों के पंजीकरण करने पर रहा। उन्होंने बताया कि बीएस-4 श्रेणी के वाहनों का पंजीकरण 31 मार्च तक ही किया जाएगा। इसके बाद इस श्रेणी के वाहनों के पंजीकरण नहीं होंगे।