शामली। जुमे की नमाज के दौरान शहर में पुलिस-प्रशासन सतर्क रहा। एहतियात के तौर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। नमाज के बाद नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में जुलूस या ज्ञापन देने की आशंका के चलते दिल्ली रोड पर मस्जिद के बाहर बड़ी संख्या में अधिकारी पुलिस-पीएसी बल के साथ मुस्तैद रहे। नमाज के दौरान तकरीर में मुफ्ती ने लोगों से कानून का पालन करने और शांति बनाए रखने का पैगाम दिया।
शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर सुबह से ही पुलिस-प्रशासन सतर्क रहा। शहर में अधिकारी पुलिस बल के साथ सुबह से ही गश्त करते रहे। चौराहों पर भी पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारियों का फोकस दिल्ली रोड पर रहा। अधिकारियों को आशंका थी कि नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में नमाज के बाद कुछ लोग जुलूस या ज्ञापन आदि दे सकते है। एडीएम अरविंद कुमार, एएसपी राजेश श्रीवास्तव, सीओ सिटी, एसडीएम सदर, कोतवाल पुलिस और पीएसी बल के साथ दिल्ली रोड पर तैनात रहे।
दोपहर में नमाज के दौरान मस्जिद में तकरीर में मुफ्ती जाकिर ने कहा कि अधिकारियों ने उन्हें बताया है कि जनपद में धारा 144 लगी है। इस दौरान कहीं पर कोई भीड़ एकत्र न हो। उन्होंने सभी लोगों से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने का पैगाम दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के अनुरोध पर वे ज्ञापन, जुलूस आदि कोई कार्यक्रम न करके सभी अपने घरों पर शांति के साथ जाएंगे। इसके बाद नमाज अदा हुई और लोग अपने-अपने घर चले गए। इसके बाद अधिकारी भी लौट गए, लेकिन एहतियात के तौर पर दिल्ली रोड पर पुलिस बल तैनात रहा।
एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि नमाज के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया था। धारा 144 लागू होने के कारण बिना अनुमति कोई सभा, जुलूस या अन्य कार्यक्रम नहीं कर सकता। सुबह के समय अधिकारियों ने मस्जिद में पहुंचकर धर्म गुरु से मिलकर शांति बनाए रखने में सहयोग करने को कहा।
---------
पुलिस ने धर्मस्थलों को जारी किए नोटिस
शामली। शांति व्यवस्था के लिए विभिन्न वर्ग और समाज और धार्मिक स्थलों के जिम्मेदार लोगों को पुलिस की तरफ से नोटिस दिए जा रहे हैं।
नोटिस में बताया जा रहा है कि उनके धर्म स्थल पर किसी भी प्रकार के प्रदर्शन, हिंसा या गैर कानूनी कार्य के लिए उन्हें जिम्मेदार माना जाएगा। प्रदर्शन के दौरान होने वाली लोक संपत्ति की हानि का खर्च भी वसूला जाएगा। साथ ही कहा कि अगर धर्म स्थल या उसके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या सूचना मिलती है तो उसकी जानकारी तत्काल पुलिस को देकर सहयोग करें।
शामली दिल्ली रोड पर गस्ते एसडीएम व सीओ- फोटो : SHAMLI
शामली दिल्ली रोड खडे मुस्लिम युवको को समझाते सीओ व एसडीएम- फोटो : SHAMLI
शामली दिल्ली रोड पर मदरसे के सामने तैनात पुलिसकर्मी- फोटो : SHAMLI
शामली दिल्ली रोड पर मदरसे के सामने तैनात एडीएम व एएसपी व पुलिसकर्मी- फोटो : SHAMLI
शामली में गुलशन मार्केट में सुरक्षा करता पुलिसकर्मी।- फोटो : SHAMLI