शामली। जवाहर नवोदय विद्यालय से लापता कक्षा नौ के छात्र की तलाश में उत्तराखंड गई पुलिस टीमें अभी नहीं लौटी हैं। टीमें उत्तराखंड में सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं और फोटो के आधार पर उसकी तलाश कर रही है। मगर अभी तक छात्र का पता नहीं चल पाया है।
गांव सिलावर निवासी कक्षा नौ का छात्र आर्यन धीमान पांच दिन पहले बृहस्पतिवार रात को जवाहर नवोदय विद्यालय के हॉस्टल से संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। छात्र के पिता संजीव धीमान की तरफ से आदर्श मंडी थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई हुई है। एसओजी समेत पुलिस की चार टीमें छात्र की तलाश में लगी हैं। दो टीमों को उत्तराखंड के हरिद्वार, ऋषिकेश समेत धर्म स्थलों पर तलाश करने के लिए भेजा गया है। ये टीमें सोमवार सुबह शामली से गई थीं, जो अभी तक वापस नहीं आई हैं। बताया गया कि पुलिस टीमें छात्र की फोटो और स्टेशन आदि पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही हैं। आदर्श मंडी थाना प्रभारी सचिन शर्मा का कहना है कि छात्र की तलाश में गई पुलिस टीमें अभी नहीं आई हैं।
-
तीन युवकों को ले गई हरियाणा पुलिस
शामली। हरियाणा के कैथल जिले की पुलिस जिले के अलग-अलग स्थानों से तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। इनमें तीनों युवक कैराना क्षेत्र के बताए गए हैं। युवकों को चोरी के मामले में ले जाना बताया गया है।
हरियाणा पुलिस की टीम मंगलवार को जिले में पहुंची। बताया गया है कि पुलिस टीम कैथल जिले की बताई गई। पुलिस टीम ने कैराना से दो और गांव टांडा गांव से एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस टीम तीनों युवकों को अपने साथ ले गई। बताया गया है कि पुलिस टीम ने स्थानीय थाने पर अपनी कोई सूचना दर्ज नहीं कराई है। बताया जा रहा है कि चोरी के मामले में तीनों युवकों को पूछताछ के लिए हरियाणा पुलिस अपने साथ ले गई है।