थानाभवन (शामली)। चार दिन पहले जलालाबाद में हुए कपिल कौशिक हत्याकांड में पुलिस ने अहम जानकारी मिलने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
गांव गोहरपुर निवासी बीज कंपनी के एमआर कपिल कौशिक की बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे जलालाबाद बिजलीघर के समीप गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के पिता सत्यवीर कौशिक की तहरीर के आधार पर तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस मृतक के संपर्क में रहने वाले कई लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस उन लोगों की जांच कर रही है कि जो घटना से दो दिन पहले से मृतक से मिलने वाले या फोन पर संपर्क में आए थे। इन्हीं में से पुलिस ने कुछ लोगों को जांच के लिए चिह्नित किया है। इनमें से कई लोगों से पूछताछ की जा रही इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे भी पुलिस की इस गुत्थी को सुलझाने में मददगार साबित हो रहे हैं। सीओ अमित सक्सेना का कहना है कि पुलिस लगातार मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है। उम्मीद है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।