शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में कुड़ाना मार्ग पर पोल्ट्री फार्म की आड़ में चल रही अवैध पटाखा फैक्टरी के संचालकों को छह दिन बाद भी पुलिस नहीं पकड़ सकी है। हालांकि, पुलिस जल्द पकड़ने का दावा कर रही है।
दरअसल, भाकियू अराजनैतिक दल के मंडल अध्यक्ष कुड़ाना निवासी दुष्यंत मलिक के कुड़ाना मार्ग स्थित पोल्ट्री फार्म में छह सितंबर को अवैध रूप से बनाए जा रहे पटाखों में आग लग गई थी। दमकल कर्मियों ने आग को बुझाया था। पुलिस को मौके पर जले हुए पटाखे और 12 कार्टून बने हुए पटाखे बरामद हुए थे। इसके अलावा पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाला करीब छह किलो बारूद भी बरामद हुआ था। पुलिस ने दुष्यंत मलिक और पटाखा फैक्टरी संचालक भूरा और काला उर्फ आमिर निवासी गांव तिलपनी जिला बागपत के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।