शामली। जिले के तीन गांवों में चार दिन के अंदर तीन घरों में चोरी की वारदात करने और दो घरों में चोरी का प्रयास करने वाले गिरोह की तलाश में पुलिस टीमें लगीं हैं, लेकिन अभी सफलता नहीं मिल पाई है। चोरी की वारदातों को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
पिछले सप्ताह बृहस्पतिवार की रात को शामली कोतवाली क्षेत्र के गांव बहावड़ी में आगरा में यूपी पुलिस के दरोगा सर्विलांस सेल प्रभारी अंकित मलिक के घर में घुसकर बदमाशों ने नकदी व गहने समेत करीब दस लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया था। इसके दो दिन बाद आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव बधेव में विधवा बीना के घर से नकदी व गहने समेत लाखों की चोरी की गई, जबकि अक्षय देशवाल व दीपक शर्मा के घर में घुसकर चोरी का प्रयास किया, लेकिन जाग होने पर बदमाश भाग गए थे।
इसके अगले दिन सोमवार रात को शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बलवा में किसान कर्णसिंह के घर से भी बदमाशों ने नकदी व गहने चोरी किए। पुलिस अभी चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले किसी गिरोह को नहीं तलाश पाई है। बलवा गांव में सीसीटीवी फुटेज में एक बदमाश के हाथ में बंदूक भी दिखाई दी है।
एसपी रामसेवक गौतम का कहना है कि चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए संबंधित थानों की पुलिस टीम के अलावा एसओजी व सर्विलांस टीमों को लगाया गया है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।