कैराना। दो माह पूर्व अवैध पिस्टल के साथ एक आरोपी की वीडियो व फोटो वायरल हुए थे। पुलिस ने आरोपी को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
2022 विधानसभा चुनाव के मतदान से पूर्व गत 29 जनवरी को गांव तीतरवाड़ा में एक युवक की अवैध पिस्टल के साथ वीडियो व फोटो वायरल हुए थे। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी सुकीर्ति माधव के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी राकेश उर्फ बंटी निवासी ग्राम तीतरवाड़ा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। तभी से आरोपी मामले में वांछित चल रहा था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को जहानपुरा पुलिया से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वीडियो में लहराई गई अवैध पिस्टल बरामद की। कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में घर में घुसकर छेड़छाड़ करने, गुंडा एक्ट सहित संगीन धाराओं के 6 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी का चालान कर दिया गया हैं।