शामली। एक सप्ताह पहले बिहार के दरभंगा में हुए पार्सल विस्फोट प्रकरण में पुलिस और जांच एजेंसियों की जिले पर नजर टिकी है। मोबाइल नंबर के सहारे पुलिस और खुफिया टीमें गोपनीय तरीके से जांच पड़ताल कर आरोपियों तक पहुंचने में जुटी हैं।
पिछले सप्ताह बृहस्पतिवार को बिहार के दरभंगा में पार्सल में विस्फोट हुआ था। पार्सल पर लिखा हुआ मोबाइल नंबर शामली का पाया गया था। मोबाइल नंबर से इस प्रकरण के तार शामली से जुड़े होना मानकर खुफिया टीमें और जांच एजेंसियों की नजर शामली पर लगी हुई है। अधिकारी इतना तो मानकर चल रहे हैं कि पार्सल पर मोबाइल नंबर शामली का लिखा होने से इसका संबंध जिले के किसी व्यक्ति से जरूर रहा है। इसी आधार पर पुलिस और खुफिया टीमें गोपनीय तरीके से जांच पड़ताल में जुटी है।
पार्सल पर लिखा मोबाइल नंबर ही ऐसा माध्यम है जिसके आधार पर विस्फोट प्रकरण से जुड़े आरोपियों तक पुलिस को पहुंचने में मदद मिलेगी। पुलिस और खुफिया टीमें इस मामले को गंभीरता से लेकर जांच में जुटी हुई है। बताया जाता है कि इस मामले में पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। कुल मिलाकर देखा जाए तो इस मामले में पूरी सावधानी बरती जा रही है और गोपनीय तरीके से छानबीन चल रही है। माना जा रहा है कि पुलिस को इस मामले में जल्द सफलता मिल सकती है। हालांकि अधिकारी अभी इस मामले में कुछ बोल नहीं रहे हैं। एसपी सुकीर्ति माधव ने इस मामले में अभी कोई जानकारी न होना बताया है।