- दो-दो हजार रुपये पहुंच आएंगे खाते में, 1.30 लाख किसान हैं पंजीकृत
- 36 हजार के करीब किसान रह जाएंगे योजना से वंचित, नहीं कराई ईकेवाईसी
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। होली से पहले किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के दो-दो हजार रुपये की 13वीं किश्त आ जाएगी। वह पीएम सम्मान निधि से अपनी होली मना सकेंगे। योजना का लाभ उन्हीं 90430 किसानों को मिलेगा जिन्होंने ईकेवाईसी कराई है। करीब 36 हजार किसानों को वंचित किया गया है। उनके खाते में इस बार 13वीं किस्त नहीं आएगी।
जनपद में करीब 1.30 लाख किसान पीएम किसान सम्मान निधि योजना में पंजीकृत हैं। एक-दो दिन में किसानों के खाते में 13वीं किस्त के रूप में दो हजार रुपये पहुंच जाएंगे। किसी कारणवश जिन किसानों को अक्तूबर को 12वीं किस्त नहीं मिली थी, उन्हें इस बार दो किस्तों का भुगतान किया जाएगा। कृषि विभाग ने जांच के बाद पांच हजार से ज्यादा अपात्रों का नाम लाभार्थियों की सूची से हटा दिया है। पात्र किसानों को ही योजना का लाभ मिलेगा।
विभाग ने पिछले दिनों अभियान चलाकर लगभग 25 हजार के करीब किसानों की ई-केवाईसी कराई थी। जिन किसानों के खाते में गड़बड़ियां थीं, उन्हें शिविर लगाकर दूर किया गया। इससे लाभ लेने वाले किसानों की संख्या इस बार बढ़ गई। सम्मान निधि के दो हजार रुपये मिलने से छोटे किसानों को काफी राहत मिलती है। उन्हें खाद-बीज समेत अन्य वस्तुओं की खरीद में सहूलियत होती है। जिन किसानों के खाते में ई-केवाइसी नहीं कराई है, उनकी किस्त रोक दी जाएगी। ई-केवाइसी कराने के बाद अगली किस्त के साथ पुरानी रकम भी भेजी जाएगी।
-
लगातार घट रहे थे पात्र
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना जब से शुरू हुई तब से पात्र किसानों की संख्या कम होती जा रही थी। सबसे पहले 127455 किसानों को योजना का लाभ दिया गया था। जब 12वीं किस्त उनके खाते में भेजी गई तो किसानों की संख्या 66262 रह गई थी। कृषि विभाग के अभियान चलाने पर यह संख्या 90 हजार से पार पहुंच गई है। लेकिन प्रथम किश्त के बराबर अभी तक किसान नहीं हो सके हैं।
किसानों के खाते में जल्द ही योजना की 13वीं किस्त पहुंच जाएगी। किसानों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। जिन किसानों की ई-केवाईसी नहीं हुई उनकी कराई जा रही है। जिससे उन्हें योजना का लाभ मिल सकें। - प्रदीप कुमार यादव, जिला कृषि अधिकारी।
- इस तरह पहुंची किसानों के खाते में सम्मान निधि
पहली- 127455
दूसरी- 126411
तीसरी- 126333
चौथी- 124920
पांचवीं- 123833
छठी- 122537
सातवीं- 118498
आठवीं-114531
नौवीं- 109963
दसवीं- 104216
11वीं- 96035
12वीं- 66262
13वीं 90430