पीएम ने निकाला छात्रों के मन से परीक्षा का डर
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाभवन। दसवीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तैयारियों में व्यस्त छात्र-छात्राओं से टीवी के माध्यम से रूबरू हुए। उन्होंने पढ़ाई के दौरान तनाव से मुक्त रहकर आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने और किसी भी तरह के दबाव से मुक्त रहने की अपील की। इस दौरान क्षेत्र के छात्रों ने भी प्रधानमंत्री की पहल से सीख ली।
क्षेत्र सभी इंटर कालेजों में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कराया गया। कस्बे के किसान इंटर कालेज, लाला लाजपत राय कन्या इंटर कालेज एवं लाला लाजपत राय बालक इंटर कालेज में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। लाला लाजपत राय कन्या इंटर कॉलेज में टीवी की व्यवस्था न होने के कारण मोबाइल पर इस कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। जिसमें संबंधित कक्षाओं की छात्राओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने के बाद सभी छात्र-छात्राओं ने पीएम की अपील पर समझाए गए तरीकों को अपनाकर तनावमुक्त हो परीक्षा की तैयारी करने की बात कही।
बोली छात्राएं
प्रधानमंत्री ने बताया कि परीक्षा के दौरान हमें कैसे टेंशन नहीं लेनी चाहिए और पूरे आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करनी चाहिए। हम सभी ने उनकी इस सीख को अपनी जीवन में अमल करने का निर्णय लिया है। -जोया
सभी छात्र प्रधानमंत्री के विचारों को अपने जीवन में उतारे तो निश्चित रूप से वह कभी असफल नहीं होगा। फिलहाल हम लोग बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के चलते काफी तनाव में थे तो अब हमारा तनाव खत्म हो गया है। -काजल
हम कई बार घर में पढ़ाई करते वक्त अन्य सदस्यों के कारण भी डिस्टर्ब हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में हमें कैसे अच्छी तरह से बोर्ड परीक्षा की तैयारी करनी है। यह हमें आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिखाया।--अर्शिया मिर्जा
कई छात्र ऐसे हैं जो बोर्ड की परीक्षा को लेकर अत्यधिक तनाव में आ जाते हैं और तनाव के कारण वह लोग अच्छे से पढ़ाई भी नहीं कर पाते, जिस असर उनके रिजल्ट पर दिखता है। ऐसे छात्रों को यह कार्यक्रम जरूर देखना चाहिए।
--सलोनी शर्मा