शामली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ऑनलाइन शामली के मेरठ-करनाल हाईवे पर मौजूद रेलवे फाटक के उपरिगामी पुल की आधारशिला रखी। शामली रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव प्रसारण कार्यक्रम में कैराना क्षेत्र के सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार में रेलवे की मूलभूत सुविधाओं में सुधार हुआ है। मेरठ- करनाल हाईवे के 89 रेलवे फाटक पर उपरिगामी पुल, सर्विस लेन, अंडरपास का निर्माण होने से मेरठ- करनाल हाईवे को जाम से मुक्ति मिल जाएगी।
सोमवार को अमृत भारत योजना में शामिल शामली रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैराना सांसद प्रदीप चौधरी ने शामली के 89 रेलवे फाटक पर उपरिगामी पुल, अंडरपास की परियोजनाओं का पर्दा हटाकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार आने पर रेलवे सेक्टर में सुधार हुआ है। दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे ट्रेक बदला गया। ट्रेनों की 60-70 से लेकर 120 किमी प्रति घंटा तक स्पीड में बढ़ोतरी हुई। शाहदरा से लेकर सहारनपुर के टपरी तक विद्युतीकरण सिग्नल कार्य पूरा हुआ। रेलवे स्टेशन के हाल्टों का नवीनीकरण हुआ है। साढे 11 बजे दिल्ली से प्रधानमंत्री का लाइव कार्यक्रम शुरू हुुआ। सबसे पहले केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्वनी वैष्णव ने परियोजनाओं की चर्चा की। बाद में प्रधानमंत्री का लाइव प्रसारण के दौरान संबोधन हुआ।
शामली रेलवे स्टेशन पर आधारशिला कार्यक्रम में सरती देवी राजाराम पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने अतिथियों के सम्मान में स्वागत गीत, नृत्य और सास्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सांसद प्रदीप चौधरी ने निबंध प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल एसडीआरआर स्कूल की 30 छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में अतिथियों का दिल्ली मंडल के लाइजनिंग ऑफिसर अभिषेक कुमार राही, नोडल अधिकारी सीनियर सेक्शन इंजीनियर थान सिंह ने बुके देकर स्वागत किया।
इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष तेजेद्र निर्वाल, शामली नगर पालिका परिषद के चेयरमैन अरविंद संगल, जयदेव मलिक, दीपक कोरी, रंधावा मलिक, रामजीलाल कश्यप, प्रदीप कौशिक, राजेंद्र मादलपुर मौजूद रहे। कार्यक्रम में उद्यमी आशीष जैन अंकित गोयल, राजीव शास्त्री टिटौली, जयवीर मलिक कुडाना, विशाल करोडी, वीना अग्रवाल, अजंली गर्ग, शशि अरोरा, पंकज गुप्ता, नरेश सैेनी, प्रविता रूबी चौधरी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता डाक्टर मनोज शर्मा ने किया।
शामली रेलवे स्टेशन पर ओवर ब्रिज शिलान्यास समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करती छात्र