शामली कलेक्ट्रेट सभागर में आयोजित बैठक में मौजूद व्यापारी
शामली। कलक्ट्रेट के सभागार में सोमवार को जिला उद्योग बंधु की बैठक में सड़क चौड़ीकरण से लेकर बिजली लाइट नहीं लगाने और जाम का मुद्दा छाया रहा। वहीं एडीएम ने कहा कि इसी माह फायर स्टेशन निर्माण शुरू होगा।
अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की बैठक में एजेंडा बिंदु के अनुसार चर्चा करते हुए अपर जिलाधिकारी ने उद्योग बंधु द्वारा बताई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही विभाग की योजना एक जनपद एक उत्पाद, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की प्रगति जानते हुए योजनाओं में शत प्रतिशत उपलब्धि के निर्देश दिए।
बैठक में उद्यमियों की समस्याओं को सुनते हुए अपर जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन की आवश्यकता को लेकर इसी माह तक समाधान कराने का आश्वासन दिया। बैठक में उद्यमियों ने शामली विजय चौक से औद्योगिक अस्थान तक सड़क के चौड़ीकरण के बाद डिवाइडर बनाए जाने, बीच में लाइटें लगाई जाने की मांग की। कहा कि इस रोड से लगभग 15 हजार कर्मचारी प्रतिदिन आते-जाते हैं और शहर के प्रमुख सभी स्कूल, होटल, रेस्टोरेन्ट व बैंक्वेट हाल भी इस रोड पर है। बैठक में लोक निर्माण विभाग द्वारा अवगत कि स्वीकृति पश्चात कार्य शुरू कर दिया जाएगा। व्यापारियों ने कहा कि मैसर्स प्लैटिनम रबर के सामने की पुलिया नीचे बैठ गई है तथा वहां पानी की निकासी बंद हो गई है। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई हेतु सिंचाई विभाग को निर्देशित किया गया। बैठक में शामली औद्योगिक अस्थान से पूर्वी यमुना नहर तक तीन किलोमीटर नाले की पाइपलाइन बार-बार जाम हो जाती है। जिसके कारण नया नाला बनाए जाने की बात रखी गई। एडीएम ने ओपन नाला बनाने के लिए कमेटी बनाने के निर्देश दिए।
साइमा के चेयरमैन अंकित गोयल ने कहा कि गन्ने के वाहनों के कारण आए दिन शहर में जाम लगता है, जिसके कारण व्यापारियों को आर्थिक हानि भी हो रही है। उन्होंने जिले के बलवा बाईपास को चालू कराने की मांग की। इसके अलावा बैठक में अन्य बिंदुओं पर चर्चा करते हुए समस्याओं को निस्तारण हेतु निर्देश दिए गए। बैठक में सीडीओ विनय कुमार तिवारी, डिप्टी कलेक्टर अर्चना शर्मा, उपायुक्त उद्योग जैस्मिन, लीड बैंक मैनेजर उमा शंकर गर्ग, आईआईए के चेयरमैन आशीष जैन, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अंकित गोयल आदि मौजूद रहे।