प्रधानमंत्री ने किया शामली के उद्यमी का सम्मान
शामली। दिल्ली के विज्ञान भवन में बृहस्पतिवार को आयोजित उद्यमी भारत कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों शामली को कैरियर व्हील्स सम्मान मिला। कंपनी को टेक्नोलॉजी एफिशिंएट मैन्युफैक्चरिंग एंटरप्राइजेज कैटेगरी में यह अवार्ड मिला। अवार्ड समारोह में कंपनी के डायरेक्टर वरुण जैन, अपूर्व जैन, तरुण जैन समारोह में शामिल हुए। प्रधानमंत्री के हाथों से वरुण जैन ने यह अवार्ड हासिल किया। इसके बाद बधाई देने के लिए कंपनी के एमडी आलोक जैन व आशीष जैन के पास लोगों का तांता लग गया।
इंपोर्ट खत्म किया, एक्सपोर्ट बढ़ाया
कंपनी के एमडी आशीष जैन ने बताया कि पहले देश में ज्यादातर ट्रैक्टर कंपनी रिम आयात करती थीं। हमने आधुनिकतम प्लांट लगाकर यहां आधुनिक रिम तैयार किए। जिनका देश में इस्तेमाल होता है और दूसरे देशों में निर्यात किया जाता है। अब दूसरे देशों से आयात नहीं किया जाता। बता दें कि कंपनी के नाम ट्रैक्टर के एलॉय व्हील का पेटेंट भी है। जिसकी काफी मांग है।
उद्यमियों ने दीं शुभकामनाएं
शामली इंडस्ट्रियल एस्टेट मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन व लघु उद्योग भारती शामली के पदाधिकारियों ने कैरियर व्हील्स प्राइवेट लिमिटेड को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सम्मानित किए जाने पर एमडी आलोक जैन व आशीष जैन को बधाई दी। उन्हें मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकित गोयल ने कहा कि यह पूरे जनपद के सभी व्यापारियों व उद्यमियों के लिए बड़े गौरव की बात है। इससे सभी प्रेरणा लेंगे। इस मौके पर एसोसिएशन के महासचिव अमित जैन, लघु उद्योग भारती के उपाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, सचिव रोहित गर्ग, आईआईए के पूर्व अध्यक्ष मयंक जैन, सुधाकर आर्य, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता उदय प्रताप सिंह व अन्य उद्यमी इस मौके पर मौजूद रहे।