शामली। कैराना निवासी युवक ने प्लाट बेचने के नाम पर एक व्यक्ति से 30 लाख रुपये हड़प लिए। काफी समय तक आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे गए। अब पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराने और रुपये वापस दिलाने की मांग की है।
पीड़ित गौरव चौहान पुत्र प्रमोद कुमार कैराना के मोहल्ला आलकला का रहने वाला है। जून 2015 में कैराना के मोहल्ला शंकर सौदीयान निवासी युवक ने उससे कहा कि शामली स्थित चौधरी चरण सिंह कॉलोनी में उसका एक प्लाट है, जिसे बेचना चाहता है। प्लाट खरीदने के लिए उसने गौरव चौहान को तैयार कर लिया। गौरव ने बताया कि इसके बाद सहपत गांव के तत्कालीन प्रधान और एक अन्य राजनीतिक व्यक्ति की मौजूदगी में आरोपी युवक ने उससे 30 लाख रुपये बतौर पेशगी ले लिया और इकरारनामा कराने के लिए शामली तहसील पहुंचने की बात कही।
निर्धारित तिथि में वह शामली तहसील में नहीं पहुंचा। फिर गौरव ने छानबीन कराई, तो पता चला कि शामली स्थित जिस प्लाट का सौदा किया था, वह आरोपी युवक का नहीं है। इसके बाद आरोपी युवक कैराना छोड़कर पंजाब चला गया। गौरव का कहना है कि काफी प्रयास करने के बावजूद आरोपी ने उसके रुपये नहीं लौटाए। इस बारे में कैराना कोतवाली पुलिस को भी तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस ने भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। गौरव चौहान ने अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार झा को शिकायती पत्र देकर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई कराने और उससे 30 लाख रुपये दिलवाने की मांग की। एएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।