राष्ट्रीय खेल दिवस पर शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। मुनव्वर मंसूरी रायफल क्लब लिलौन में राष्ट्रीय खेल दिवस पर शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। चैंपियनशिप में शामली, मुजफ्फरनगर और बड़ौत के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर निशाने साधे। प्रतियोगिता का फाइनल मंगलवार को होगा।
क्लब पर सोमवार को आयोजित चैंपियनशिप का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाजसेवी सुधीर तोमर ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए पढ़ाई के साथ खेल पर भी ध्यान देना चाहिए। अच्छा खिलाड़ी बनने के लिए खानपान का ध्यान रखना चाहिए। वहीं, जंक फूड, फास्ट फूड खाने से बचना चाहिए। क्लब अध्यक्ष मुनव्वर मंसूरी ने बताया कि पहले दिन हुए मुकाबले में एयर रायफल पीप साइट जूनियर स्पर्धा में मुनव्वर मंसूरी रायफल क्लब के निखिल मलिक, राहुल कुमार, शोएब मलिक ने बढ़त बनाई।
वहीं, एयर पिस्टल जूनियर स्पर्धा में बड़ौत के वंश चिकारा, मंसूरी क्लब के अवनीश कुमार और इसी क्लब के शुभ पंवार ने बढ़त बनाई। एयर पिस्टल वुमन स्पर्धा में मुजफ्फरनगर की आयुषी, बड़ौत की आरजू और अल्पाइन स्कूल थानाभवन की अनुष्का राणा बढ़त बनाए हुए है। एयर पिस्टल अंडर 12 स्पर्धा में मुनव्वर मंसूरी रायफल क्लब के अभय तोमर, बड़ौत के भानु और मंसूरी क्लब के लाभ पंवार बढ़त बनाए हुए है।
उधर, एयर रायफल स्पर्धा सब जूनियर में मंसूरी क्लब के शोएब अंसारी, अक्ष चौहान, रुद्र चौहान बढ़त बनाए हुए हैं। मैच रेफरी अवनीश कुमार, अभिषेक मलिक और आरिश रहे। प्रतियोगिता का फाइनल मंगलवार को होगा। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर सचिन पंवार, प्रमोद धीमान, कपिल शर्मा और क्लब कोच नदीम मंसूरी आदि मौजूद रहे।