शामली। शहर में करनाल मार्ग पर काकानगर के सामने नगरपालिका की पाइप लाइन लीकेज हो गई। इससे शुक्रवार सुबह लगभग आधे शहर की 50 हजार की आबादी पेयजल के लिए परेशान रही। छह घंटे तक मरम्मत कार्य के दौरान पेयजल आपूर्ति बाधित रही। उधर, मरम्मत कार्य चलने के कारण मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति रही।
मोहल्ला काकानगर में स्थित पालिका के ओवरहैड टैंक को दो नलकूपों से पानी भरा जाता है। एक नलकूप टैंक परिसर में है, जबकि दूसरा नलकूप करनाल रोड पर है। करनाल रोड से काकानगर में ओवरहैड टैंक को जोड़ने वाली दस इंच की पाइप लाइन काकानगर के बाहर आरके इंटर कॉलेज के सामने मुख्य मार्ग पर लीकेज हो गई। शुक्रवार सुबह दस बजे पालिका कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से गड्ढे की खोदाई कराकर लीकेज को तलाश किया। इसके बाद उसकी मरम्मत कर लीकेज को बंद किया। उधर, मरम्मत कार्य चलने के दौरान सड़क पर वाहनों के जाम की स्थिति बनी रही। जाम में फंसे रहने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
लीकेज की मरम्मत के दौरान काकानगर, टीचर्स काॅलोनी, गगन विहार, कैराना रोड, वीवी इंटर कॉलेज रोड, कबाड़ी बाजार, गुजरातियान समेत आधे शहर की जलापूर्ति बाधित रही। छह घंटे तक लोग पानी के लिए परेशान रहें। उधर, नगरपालिका के अवर अभियंता जल हर्षित गुप्ता ने बताया कि शाम चार बजे पाइपलाइन की मरम्मत के बाद पेयजल की आपूर्ति चालू कर दी गई है। मरम्मत कार्य के दौरान वार्ड सभासद के माध्यम से नागरिकों को मेसेज भेजकर जानकारी दे दी गई थी। उन्होंने बताया कि काकानगर व टीचर्स कालोनी के दो नलकूप बंद रहे। अन्य स्थानों पर सभी नलकूप से पानी की सीधी सप्लाई होने से लोगों को पानी की कोई समस्या नहीं आई।
ओवरहैड टैंक से मिलता है प्रेशर का पानी
काकानगर स्थित ओवरहैड टैंक से आधे शहर में प्रेशर के साथ पानी नागरिकों के घरों में पहुंचता है, लेकिन ओवरहैड टैंक में पानी न भरने से नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पाया। काका नगर निवासी शैली चौहान ने बताया कि पानी न मिलने से घरेलू जरूरत के लिए पानी नहीं मिला, जिससे परेशानी हुई। आशुतोष धनकर, हिमांशु खैवाल व रविंद्र चौहान ने बताया कि पाइपलाइन की मरम्मत के दौरान पानी की आपूर्ति बंद रही, जिससे पूरे दिन पानी नहीं मिल पाया। शाम के समय पानी मिल पाया।